जयपुर.अशोक गहलोत सरकार की कैबिनेट में शामिल 23 मंत्रियों को विभागों का बंटवारा बुधवार को हो सकता है। सोमवार को 13 कैबिनेट और 10 राज्य मंत्रियों ने शपथ ली थी। अब मंत्रियों के लिए विभाग फाइनल करने के लिए सीएम खुद अशोक गहलोत मंगलवार को जयपुर रहे। उनसे कई जिलों के लोग और विधायक भी मिले, लेकिन सूत्रों के अनुसार बुधवार शाम तक विभाग दे दिए जाएंगे।
मंत्रियों से राय मशविरे के बाद ही विभागों में नए आईएएस भी मंगलवार रात लगाए गए। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर सरकार की तरफ से विभागों के बंटवारे सूची राज्यपाल को भी भेजी जाएगी। इसके साथ ही मंत्रियों को महकमे मिल जाएंगे। विभाग मिलने के बाद मंत्री संभवतया गुरुवार से अपने अपने विभाग में बैठना शुरू करेंगे। डिप्टी सीएम के विभागों को लेकर भी अंदरखाने खासी मंत्रणा की चर्चा है।
इन दिग्गजों को नहीं बनाया गया मंत्री
जिन दिग्ग्जों को मंत्री पद नहीं मिला है उनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डाॅ. सीपी जोशी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व मंत्री भरत सिंह कुंदनपुर, बृजेंद्र ओला, महेंद्रजीत सिंह मालवीय, हेमाराम चौधरी, दयाराम परमार, डाॅ.राजकुमार शर्मा, महेश जोशी, भंवरलाल शर्मा, जाहिदा खान, अमीन खान, परसराम मोरदिया, राजेंद्र पारीक जैसे नाम शामिल हैं।
मंत्रिमंडल में विस्तार की संभावना
राज्य की कांग्रेस सरकार के पहले मंत्रीमंडल में वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी से अंदरखाने नाराजगी के सुर भी बाहर आने लगे हैं। इस बीच राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने मंगलवार को संकेत दिए हैं कि निकट भविष्य में एक और विस्तार मंत्रीमंडल में किया जा सकता है। हालांकि, पायलट ने यह नहीं बताया कि विस्तार कब तक किया जाएगा। इस बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पायलट से मिलने वालों का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। इनमें कई ऐसे विधायक एवं वरिष्ठ नेता भी शामिल थे,जिन्हें मंत्रीमंडल में शामिल नहीं किया जा सका है। पायलट ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार का यह पहला विस्तार है। संभवत: कुछ समय बाद एक और विस्तार किया जाएगा। अनेक पदों पर बहुत से लोगों को काम करने का मौका दिया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
0 टिप्पणियाँ