नई दिल्ली. अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकॉप्टर डील मामले में सोनिया और राहुल गांधी का नाम आने पर पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने उनका बचाव किया। एंटनी ने कहा, अगस्ता वेस्टलैंड डील मामले में सोनिया और राहुल गांधी ने कभी कोई हस्तक्षेप नहीं किया। ऐसा 'झूठ गढ़ने' के लिए भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है।
एंटनी ने कहा, "झूठ पर झूठ, वे (भाजपा) कुछ नहीं से कुछ गढ़ना चाहते हैं। वे झूठ गढ़ने के लिए एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। मैं साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि रक्षामंत्री के रूप में मेरे पूरे कार्यकाल के दौरान सोनिया और राहुल ने कभी रक्षा सौदों में हस्तक्षेप नहीं किया।"
करोड़ों रुपए के अगस्ता वेस्टलैंड डील मामले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने स्पेशल कोर्ट को बताया था कि मिशेल ने मामले में मिसेज गांधी और एक बड़ा आदमी 'आर' का नाम लिया, जो सोनिया गांधी और राहुल गांधी के बारे में मालूम होता है।
मिशेल को 5 दिसंबर को दुबई से भारत प्रत्यर्पित किया गया था। भाजपा का दावा है कि ब्रिटिश कारोबारी मिशेल रिश्वत के इस मामले में सोनिया और राहुल के शामिल होने की पोल खोलेंगे। वहीं, कांग्रेस का आरोप है कि नरेंद्र मोदी सरकार गांधी परिवार को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसी का दुरुपयोग कर रही है।
0 टिप्पणियाँ