मेरे बच्चे सुरक्षित, लेकिन नसीर ने भी गलत नहीं कहा : महेश भट्ट
जयपुर.उप्र के बुलंदशहर हिंसा मामले में अभिनेता नसीरुद्दीन की ओर से दिए गए बयान को लेकर पूरे देश में बवाल मचा है। शनिवार को जयपुर में भास्कर कार्यालय आए फिल्मकार महेश भट्ट ने भी इस मामले में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा-आजाद सोच को लेकर सरकार के साथ जीना मुश्किल है। नसीर के साथ जो हुआ वो पॉलिटिकल स्पेस है।
भट्ट ने कहा,यह मेरा मुल्क है और मेरे बच्चे यहां सुरक्षित हैं लेकिन नसीर ने जो कहा है वो भी सही है।फिलहाल देश का माहौल कुछ अलग है और जो लोग नसीरुद्दीन शाह का विरोध कर रहे है, उन्हें भी पता है कि उन्होंने कुछ गलत नहींं बोला है।समाज की जिम्मेदारी है कि आजाद सोच वाले व्यक्ति की रक्षा करे।
सरकारें मुल्क नहीं चलाती, मुल्क आवाम चलाती है
भट्ट ने इस मामले में सरकार की जिम्मेदार पर बात रखते हुए कहा कि सरकारें मुल्क नहीं चलाती, मुल्क देश की आवाम चलाती है। आज आम आदमी को कोई मतलब नहीं है किस ने क्या कहा। नसीर ने भी ऐसे कौनसी बेतुकी बात कर दी, जो इस तरह बवाल मचाया जा रहा है।
विरोध के चलते अब लोगों ने बोलना छोड़ दिया
पहले सभी अपनी सोच बयां करते थे, अब विरोध नहीं हो जाए इसलिए लोगों ने बोलना भी छोड़ दिया। भट्ट ने कहा कि मैं मेरे मुल्क में सुरक्षित हूं लेकिन सरकार को लगता है कि मुझे खतरा है तो मुझे सुरक्षा दे रखी है।
अनुपम खेर बोले- और कितनी आजादी चाहिए
नसीरुद्दीन के बयान पर अभिनेता अनुपम खेर ने सवाल किया है कि आखिर और कितनी आजादी चाहिए? देश में इतनी आजादी है कि सेना को अपशब्द कहे जा सकते हैं, सैनिकों पर पथराव किया जा सकता है।
सबको अपनी बात कहने का हक : मकरंद देशपांडे
जयरंगम के तहत जयपुर आए मकरंद देशपांडे ने नसीरुद्दीन शाह के बयान को लेकर कहा, सबको अपनी राय रखने का हक है। मुझे नहीं लगता उन्होंने ऐसा कुछ विवादित बोला है। मैं ऐसे बयानों पर ध्यान भी नहीं देता।
अजमेर में भाजयुमो पदाधिकारी गिरफ्तार
नसीरुद्दीन के विरोध मामले में भाजयुमो के जिलाध्यक्ष सहित 4 पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया गया। नसीरुद्दीन शुक्रवार को यहां लिट फेस्ट का उद्घाटन करने पहुंचे। भाजयुमो ने उन्हें उद्घाटन किए बिना लौटने पर मजबूर कर दिया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं