पटना.रिटायर्ड आईजी उमाशंकर सुधांशु की डॉक्टर बेटी स्निग्धा की खुदकुशी के मामले में कोतवाली थाने में यूडी (अप्राकृतिक मौत) केस दर्ज किया गया है। उनके ड्राइवर कृष्णा यादव का भी लिखित बयान लिया गया है। पुलिस ने स्निग्धा के मोबाइल, मैसेंजर और वाट्सएप मैसेज को भी खंगाला।
सोमवार को पुलिस ने दोबारा उदयगिरी अपार्टमेंट जाकर मामले की पड़ताल की और फ्लैट के सीसीटीवी फुटेज को देखा। अपार्टमेंट का केयर टेकर सुनील छत पर ही रहता है। उसने पुलिस से बताया कि वह जैसे ही कमरे से बाहर निकला स्निग्धा को छत की रेलिंग पर बैठा देखा। पूछने पर स्निग्धा ने बताया कि वह आईएएस मैडम की गेस्ट हैं। सुनील ने उसे रेलिंग से उतरकर कुर्सी पर बैठने को कहा और 12वीं मंजिल पर महिला आईएएस के फ्लैट जानकारी पुख्ता करने चला गया। केयर टेकर ने थोड़ी देर बाद महिला आईएएस के घर से एक युवती को बुलाकर लाया, जिसने कहा कि रेलिंग पर बैठी लड़की उसकी गेस्ट नहीं है। इसके बाद वह दूसरे आईएएस के फ्लैट में जानकारी लेने गया। सुनील लौटा तो देखा कि स्निग्धा नहीं है।अपार्टमेंट के नीचे काफी शोरगुल हो रहा था। स्निग्धा छत से कूद चुकी थी। उसका चश्मा, चप्पल और फोन वहीं छत पर पड़ा था।
डीएसपी विधि व्यवस्था राकेश कुमार ने कहा कि उसकी गाड़ी में दवाइयां मिली हैं। वह डिप्रेशन में चल रही थी। उसका इलाज चल रहा था। कोलकाता के साइकैट्रिस्ट के अलावा पटना के एक फिजियोथेरेपिस्ट से भी उसका इलाज चल रहा था। जांच में पुलिस ने पाया कि वह काफी शांत और चुपचुप रहती थी। दवाई खाकर भूल जाती थी। मामला आत्महत्या का ही है। स्निग्धा के मोबाइल से पुलिस को कुछ स्वरचित कविताएं भी मिली हैं। उसके वाट्सएप चैट में भी कई बातें ऐसी हैं जिनसे पता चलता है कि वह डिप्रेशन में थी। उसने अपने डॉक्टर से भी इस संबंध में चैटिंग की है।
ड्राइवर ने कहा-चार अपार्टमेंट की कर चुकी थी रेकी
स्निग्धा का ड्राइवर कृष्णा यादव समस्तीपुर जिला पुलिस बल का चालक हवलदार है। उसने कहा कि वह नौ साल से उनके साथ है। रविवार की सुबह वह साथी महेश यादव के साथ मॉर्निंग वाॅक के लिए निकला था, तभी स्निग्धा मैडम का फोन आया कि चलना है। इसके बाद वह घर लौट आया। उसने कहा कि मैडम कार में बैठते ही बोलीं कि दीदी के घर की तरफ चलो। एजी काॅलोनी की ओर जाकर वह मरीना अपार्टमेंट चली गईं। वहां वह गार्ड के साथ ऊपर गईं फिर वापस आ गईं। इसके बाद स्निग्धा ने उसे वहां से उदयगिरी चलने को कहा। कृष्णा ने कहा कि दो दिन पहले स्निग्धा मौर्या होटल के पास की एक बड़ी बिल्डिंग, बोरिंग रोड चौराहे के पास की बड़ी बिल्डिंग जा चुकी थीं।
बांटा था शादी का कार्ड, दो दिन पहले बोरिंग रोड से खरीदी थी दवा
स्निग्धा कुछ दिन पहले भी शादी का कार्ड लेकर उदयगिरी अपार्टमेंट किसी को देने आई थी। पुलिस को ड्राइवर ने बताया कि दो दिन पहले मैडम बोरिंग रोड आई थी और यहीं के एक दवा दुकान से दवाई खरीदी थी। उसने पुलिस से कहा कि कुछ दिनों से मैडम अपने परिचितों में शादी का कार्ड भी बांट रही थी।
खरीदारी भी की थी
ड्राइवर ने कोतवाली पुलिस को बताया कि पटना में मैडम कहीं भी जाती थीं तो वही गाड़ी ड्राइव करता था। उसने कहा कि पिछले कुछ दिनों से वह शादी का कार्ड भी बांट रही थीं। कभी-कभी खरीदारी भी करती थीं। उसने कहा कि शनिवार को ही मौर्या होटल के पास के एक कॉस्मेटिक दुकान में खरीदारी की।
एक लिफ्ट नहीं चला तो टूल लेकर दूसरे से गई
रविवार की सुबह स्निग्धा 7:35 बजे लिफ्ट के पास दिख रही है। उसके हाथ में एक प्लास्टिक का टूल है। वह पहले जिस लिफ्ट में सवार हुई वह चली नहीं। थोड़ी देर बाद वह निकल गई और दूसरे लिफ्ट में चली गई। लिफ्ट के अंदर लगे कैमरे में स्निग्धा दिख रही है। थोड़ी देर के लिए वह कैमरे में देखती है। इसके बाद कैमरा ऑफ हो जाता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
0 टिप्पणियाँ