नेशनल डेस्क. पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में हार के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें हो रही हैं। इन्हीं में से सबसे ज्यादा चर्चा इन दिनों जिस बात की हो रही है, वो है संबित पात्रा की। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि संबित पात्रा को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद से हटा दिया गया है। लोग तंज कस रहे हैं कि पात्रा को पद से हटा दिया गया है तो अब मनोरंजन कौन करेगा?
क्या है वायरल पोस्ट में?
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि संबित पात्रा की भाजपा से छुट्टी हो गई है और उनकी जगह राजीव प्रताप रूडी को दी गई है। लोग तंज कसते हुए लिख रहे हैं "दुखद...संबित पात्रा नहीं रहे...भाजपा प्रवक्ता पद से छुट्टी...अब एंटरटेनमेंट कौन कराएगा।"
क्या है सच : सोशल मीडिया पर किए गए दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले संबित पात्रा के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट को देखा। उनकी प्रोफाइल पर साफ-साफ "राष्ट्रीय प्रवक्ता, भाजपा" लिखा हुआ है।
इसके अलावा हमने भाजपा की आधिकारिक वेबसाइट www.bjp.org पर जाकर देखा तो हमें इस दावे की सच्चाई पता चल गई। जब हमने भाजपा की वेबसाइट पर देखा तो संबित पात्रा का नाम भाजपा के 10 राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की लिस्ट में दिखा।
- इसके अलावा सोशल मीडिया पर ये भी दावा किया गया कि संबित पात्रा की जगह राजीव प्रताप रूडी को प्रवक्ता बनाया गया है। ये बात सही है कि राजीव प्रताप रूडी को भाजपा का राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है, लेकिन संबित पात्रा अभी भी प्रवक्ता हैं और उन्हें हटाया नहीं गया है।भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने 22 दिसंबर को पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी को राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया था। इससे पता चलता है कि सोशल मीडिया पर संबित पात्रा और राजीव प्रताप रूडी को लेकर जो दावा किया जा रहा है वो गलत और झूठा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
0 टिप्पणियाँ