नई दिल्ली.पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों का मंगलवार को ऐलान हुआ। पं. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सत्ता गंवाने और मध्यप्रदेश में पिछड़ने पर भाजपा पर निशाना साधा। ममता ने कहा कि भाजपा के हार के पीछे कई कारण हैं। भाजपा को सत्ता में होने का घमंड है, उसने स्वायत्त संस्थाओं का गलत इस्तेमाल किया। सभी राज्यों के लोग भाजपा के खिलाफ हैं। यह हार भाजपा के अंत की शुरुआत है।
वहीं, शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने मतदाताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वोटरों ने देश को नई दिशा और दशा दिखाई है। पार्टी सांसद संजय राउत ने कहा, मैं इसे कांग्रेस की जीत नहीं कहूंगा, ये लोगों का गुस्सा है। हालांकि, उन्होंने कहा कि अब के राहुल गांधी 2014 से अलग हैं।
आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि लोगों को पता चल गया है कि भाजपा ने पांच सालों में कुछ नहीं किया। जनता भाजपा के खिलाफ लड़ाई में हमारे साथ है। ये पांच राज्यों के नतीजे भाजपा के खिलाफ सभी दलों को एकजुट करने में मदद करेंगे।
एनडीए से एक दिन पहले ही अलग हुए राष्ट्रीय लोकदल पार्टी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने राहुल गांधी को बधाई दी। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जुमलेबाजी की पोल खुल ही जाती है।
सपा के महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों ने देश को बर्बाद कर दिया। आज के नतीजे इसी का परिणाम है। नतीजे आने के बाद ही गठबंधन पर बातचीत संभव है।
के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) ने तेलंगाना में मिले बहुमत पर जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मैंने कई राजनीतिक दलों से बातचीत की है। राष्ट्रीय गठबंधन में हम अहम भूमिका निभाएंगे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, "मोदी राज की उलटी गिनती शुरू हो गई।' हालांकि, केजरीवाल की पार्टी ने राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़ा था। आप के ज्यादातर उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई।
0 टिप्पणियाँ