नई दिल्ली। उर्जित पटेल के 10 दिसंबर को अचानक इस्तीफे के बाद पूर्व नौकरशाह शक्तिकांत दास को RBI को अगले 3 साल के लिए गवर्नर बनाया गया है। उनकी नियुक्ति पर बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने आरोप लगाया है कि दास, पूर्व वित्तमंत्री पी. चिदंबरम के साथ भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं। एक वेबसाइट से बातचीत ने उन्होंने यह बात कही। साथ ही दास की नियुक्ति को गलत बताया। इस बारे में उन्होंने पीएम मोदी को एक पत्र भी लिखा है।
दास की बात करें तो आर्थिक मामलों के पूर्व सेक्रेटरी दास आरबीआई के 25वें गवर्नर होंगे। दास ने अपने पूरे करिअर में ज्यादा वक्त आर्थिक विषयों से जुड़ी संस्थाओं में ही गुजारा है। 2017 में रिटायर होने के बाद भी वे केंद्र की मोदी सरकार से बतौर सलाहकार जुड़े रहे हैं। उनके बारे में कहा जाता है कि वे स्वभाव से बेहद शांत हैं और अपना ज्यादातर खाली वक्त पढ़ने में बिताते हैं। दास उन चुनिंदा अफसरों में हैं, जिन्हें 2016 में नोटबंदी के फैसले की जानकारी थी। 15वें वित्त आयोग के सदस्य भी रहे हैं।
63 साल के दास के बारे में कुछ खास बातें-
- 1980 बैच के रिटायर आइएएस अफसर हैं, तमिलनाडु कैडर के हैं।
- मई 2017 में आर्थिक मामलों के सेक्रेटरी पद से रिटायर हुए।
- मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले हैं।
- उनका जन्म 26 फरवरी 1957 को भुवनेश्वर में हुआ।
- भुवनेश्वर के ही डेमोन्स्ट्रेशन मल्टीपर्पज़ स्कूल में उनकी स्कूलिंग हुई।
- दास ने दिल्ली के सेंट स्टीफन कॉलेज से इतिहास में एमए किया है।
- उड़िया के अलावा दास हिंदी, इंग्लिश और तमिल भी बखूबी जानते हैं।
- ट्विटर पर खासे एक्टिव रहते हैं, उनके 47 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
0 टिप्पणियाँ