नेशनल डेस्क. अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के लिए बनाई गई पांच सदस्यों की संविधान पीठ से जस्टिस यूयू ललित ने खुद को अलग कर लिया है। मुस्लिम पक्षकार राजीव धवन ने सवाल उठाया था कि ललित 1994 में कल्याण सिंह के वकील रहे हैं, ऐसे में वो संविधान पीठ के सदस्य कैसे रह सकते हैं। इसके बाद ललित ने खुद को पीठ से अलग कर दिया। बता दें, यूयू ललित ने अमित शाह, सलमान खान, जनरल वीके सिंह और कैप्टन अमरिंदर सिंह जैसी नामी लोगों के लिए पैरवी की है।
कौन हैं जस्टिस यूयू ललित ?
- जस्टिस उदय यू ललित मुंबई के रहने वाले हैं और वकीलों के परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता जस्टिस यू आर ललित एक क्रिमिनल लॉयर थे, जो बाद में बॉम्बे हाईकोर्ट के एडिशनल जज बने।
- यूयू ललित ने अपने पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए 1983 में मुंबई बार एसोसिएशन में रजिस्ट्रेशन कराया और 1986 से वो सुप्रीम कोर्ट प्रैक्टिस करने लगे।
- इसके बाद ललित ने सुप्रीम कोर्ट में अटॉर्नी जनरल सोली सोरॉबजी के साथ करीब 6 साल तक किया। लंबे अरसे की प्रैक्टिस के बाद 2004 में सुप्रीम कोर्ट में उन्हें सीनियर वकील का दर्ज मिल गया।
- इसके बाद क्रिमिनल लॉयर के तौर पर यूयू ललित का नाम पूरे देश में लिया जाने लगा और उन्होंने देश के कई बड़े केसेज में पैरवी की।
इन 8 बड़े मामलों की कर चुके हैं सुनवाई
- उदय यू ललित के मुकदमों में सबसे बड़ा मुकदमा बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह का था। शाह पर सोहराबुद्दीन मामले में फर्जी एनकाउंटर के आरोप लगे थे।
- गुजरात में तुलसीराम प्रजापति के मुठभेड़ के मामले में जब अमित शाह का नाम आया, तो यूयू ललित ने ही उनका बचाव किया था।
- ललित ने ब्लैकबक और चिंकाला मामले में एक्टर सलमान खान का भी बचाव किया था। उन्होंने सलमान के लिए राजस्थान हाईकोर्ट में पैरवी की थी।
- इसके अलावा जब तत्कालीन सेनाध्यक्ष जनरल वीके सिंह की उम्र पर विवाद चल रहा था, उस वक्त उदय यू ललित वीके सिंह के वकील थे।
- छत्तीसगढ़ के सामाजिक कार्यकर्ता बिनायक सेन पर जब देशद्रोह का मुकदमा दर्ज हुआ था, तब ललित ने सेन की जमान का विरोध किया था।
- वो पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का भी करप्शन के मामले में बचाव कर चुके हैं।
- पुणे के बिजनसमैन हसन अली पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगे थे। उस वक्त ललित ने खान का कोर्ट में बचाव किया था।
- देश का सबसे बड़ा घोटाला कहे जाने वाले 1.76 लाख करोड़ का टूजी स्पेक्ट्रम घोटाले के मामले में ललित ने स्पेशल प्रॉसीक्यूटर के तौर पर पैरवी की थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
0 टिप्पणियाँ