कोटा.कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हाल ही में कोटा में हुई कोचिंग स्टूडेंट्स की आत्महत्या की घटनाओं पर चिंता जताई है। यह दूसरी बार है कि जब राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कोटा का खास तौर पर जिक्र किया है। इससे पहले कोटा में नए एयरपोर्ट के मामले में भी उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से बात उठाई थी। उन्होंने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक लेटर लिखा था।
इस बार राहुल ने छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए लिखा कि आप हार नमानें। आप सभी पर हमें नाज है। इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी कहा है कि बच्चे बहुत मेहनत करते हैं। इसीलिए उन पर जितना कम दबाव हो, उतना ही बेहतर है। राहुल ने यह पोस्ट दोपहर 1 बजकर 32 मिनट पर डाली है। शाम 7 बजे तक साढ़े 7 हजार लोगों ने इस पोस्ट पर रिएक्ट किया है। इसके साथ ही करीब 300 कमेंट्स और 566 लोगों ने इस पोस्ट को शेयर किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष का पत्र
मैं छात्रों से कहना चाहता हूं कि कोई भी असफलता स्थाई नहीं होती है। आप हार ना मानें। आप सभी पर हमें नाज है। आप मेहनत करें और हौसला रखें। किसी ना किसी रूप में कामयाबी आपके कदम जरूर चूमेगी। डरने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। हमें गर्व है आप पर। छात्रों के माता-पिता से मेरी प्रार्थना है कि बच्चे बहुत मेहनत करते हैं, उन पर दबाव जितना कम हो उतना ही बेहतर है। मैं आप सभी छात्रों की कामयाबी की कामना करता हूं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
0 टिप्पणियाँ