नेशनल डेस्क. इंडियन क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या विवाद में फंस गए हैं। दरअसल हार्दिक पंड्या और लोकेश राहुल कॉफी विद करण शो में गए थे। उन्होंने शो में महिलाओं को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें एक ही मैसेज कई लड़कियों को भेजने में कोई दिक्कत नहीं है और वह उनसे उनकी 'उपलब्धता' के बारे में उनसे खुलकर बात करते हैं। ऐसी ही कई और टिप्पणियों पर BCCI ने हार्दिक पंड्या और लोकेश राहुल को नोटिस भेजकर 24 घंटे के अंदर जवाब मांगा है।
- शो में पूछा गया कि कोहली और तेंदुलकर में बेहतर बल्लेबाज कौन है। दोनों खिलाड़ियों ने बिना वक्त गवाएं तुरन्त जवाब दिया कि विराट कोहली। ये जवाब देने पर सोशल मीडिया पर दोनों प्लेयर्स की जमकर आलोचना हुई।
पंड्या ने क्या कहा था : शो के दौरान पंड्या ने कई महिलाओं के साथ संबंध होने का दावा किया। उन्होंने बताया कि वे अपने माता-पिता से बहुत ज्यादा खुले हुए हैं। यहां तक कि वे उन्हें अपनी वर्जिनिटी खोने वाली बात भी बता चुके हैं। जब उनसे पूछा गया कि वे क्लब में किसी महिला का नाम क्यों नहीं पूछते तो पंड्या ने जवाब दिया, 'मुझे उन्हें देखना पसंद है। मैं यह देखना चाहता हूं कि वे किस तरह चलती हैं।' पंड्या ने कहा कि उन्हें एक ही मैसेज कई लड़कियों को भेजने में कोई दिक्कत नहीं है और वह उनसे उनकी 'उपलब्धता' के बारे में उनसे खुलकर बात करते हैं। शो में पंड्या ने यह बात कबूली थी कि वह कई महिलाओं के साथ रिलेशन में रहे हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर पंड्या की आलोचना होने लगी।
पंड्या की टिप्पणियां शर्मिंदगी भरी : बीसीसीआई
बीसीसीआई ने शो में की गई पंड्या की टिप्पणियों को 'मूर्खतापूर्ण और शर्मिंदगी भरा' बताया। साथ ही उन्हें चेतावनी दी। बोर्ड इस प्रकार के चैट शो में खिलाड़ियों के शामिल होने पर प्रतिबंध लगाने पर भी विचार कर रहा है। बीसीसीआई यदि ऐसा फैसला लेता है तो क्रिकेटर्स भविष्य में किसी भी चैट शो में भाग नहीं ले पाएंगे। सीओए प्रमुख विनोद राय ने बताया, 'हमने हार्दिक पंड्या और केएल राहुल को उनकी टिप्पणियों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। उन्हें अपनी सफाई पेश करने के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है।'
पंड्या ने सफाई में कहा- मैं शो के नेचर में खो गया
इस पहले, पंड्या ने साफ किया कि उनका किसी की भावानएं आहत करने का इरादा नहीं था। उन्होंने ट्वीट किया, 'कॉफी विद करण में मेरी टिप्पणी के बाद बाद प्रतिक्रियाएं आईं। मेरे बयान से जिनकी भी भावनाएं आहत हुईं हैं, मैं उन सभी लोगों से माफी मांगना चाहता हूं।' उन्होंने लिखा, 'ईमानदारी से, मैं शो के नेचर के मुताबिक उसमें ज्यादा बह गया। मेरा मतलब किसी भावनाओं का अपमान करना या उन्हें आहत करना नहीं था। रिसपेक्ट।'
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
0 टिप्पणियाँ