केरन सेक्टर में पाकिस्तान ने सीजफायर वॉयलेशन किया, सेना के 2 अफसर शहीद
श्रीनगर. लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) के पास पाकिस्तानी जवानों के सीजफायर वॉयलेशन में भारतीय सेना के दो अफसर शहीद हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में दोपहर करीब 12 बजे पाकिस्तान ने फायरिंग शुरू की।
सेना के अधिकारी ने बताया कि फायरिंग के दौरान एक जूनियर कमीशंड (जेसीओ) मौके पर ही शहीद हो गया। एक अधिकारी घायल हुआ था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी फायरिंग का भारतीय जवानों ने माकूल जवाब दिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शहीद हुए दोनों अफसर जेसीओ थे। इनके नाम 2/8 जेआर यूनिट के सूबेदार रमन थापा और सूबेदार गमर थापा हैं।
6 दिसंबर को भी पाक जवानों ने सीजफायर वॉयलेशन किया था। इस दौरान माछिल सेक्टर में एक जवान शहीद हो गया था और एक रिहायशी इमारत को मोर्टार हमले से नुकसान पहुंचा था।
आरटीआई के जरिए मिली जानकारी के मुताबिक, जनवरी 2016 से जुलाई 2018 के बीच पाकिस्तान ने 2855 बार सीजफायर वॉयलेशन किया। इस दौरान 109 लोगों की जान गई। इसमें सुरक्षाबल के 56 अधिकारी और जवान शामिल हैं।
2018 में सीजफायर वॉयलेशन में बढ़ोतरी हुई है। इस साल जुलाई तक पाकिस्तान ने 1435 बार युद्धविराम का उल्लंघन किया। इसी समयावधि में 2016 में 449 और 2017 में 971 बार सीजफायर वॉयलेशन किया गया था।
कोई टिप्पणी नहीं