3 राज्यों में शपथ ग्रहण आज, महागठबंधन की एकता दिखाने के लिए 13 दलों के नेता होंगे शामिल

https://ift.tt/2A4OJY5

भोपाल/जयपुर/रायपुर. मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में नए मुख्यमंत्री आज शपथ लेंगे। तीनों राज्यों में कांग्रेस की जीत के बाद मध्यप्रदेश में कमलनाथ, राजस्थान में अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल विधायक दल के नेता चुने गए हैं। कांग्रेस ने महागठबंधन की एकता दिखाने के लिए शपथ ग्रहण समारोह में सभी प्रमुख विपक्षीय दलों के नेताओं को आने का न्योता दिया है। समारोह में 10 दलों के नेता शामिल हो सकते हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, यूपीए चेयरमैन सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, डीएमके प्रमुख स्टालिन, राजद नेता तेजस्वी यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, राकांपा प्रमुख शरद पवार, कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शामिल हो सकते हैं।

ये नेता भी हो सकते हैं शामिल

जनता दल प्रमुखशरद यादव, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, नेशनल कांफ्रेंस के फारुख अब्दुल्ला, झामुमो के हेमंत सोरेन, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के बदरुद्दीन अजमल के भी शपथ ग्रहण में शामिल होने के आसार हैं।ममता बनर्जी निजी वजहों के नहीं आएंगी।

राजस्थान: सुबह 10 बजे होगा शपथ ग्रहण
अशोक गहलोत जयपुर के अल्बर्ट हॉल में सुबह 10 बजे राजस्थान के 22वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। उनके साथ सचिन पायलट उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सचिन राज्य के पांचवें डिप्टी सीएम होंगे। पहले, शपथ ग्रहण का कार्यक्रम जनपथ पर होना था। हाईकोर्ट ने इसके लिए सशर्त अनुमति दी थी, लिहाजा कार्यक्रम स्थल बदला गया।

मध्यप्रदेश:18वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे कमलनाथ
कमलनाथ मध्यप्रदेश के 18 वें मुख्यमंत्री के तौर पर दोपहर 1.30 बजे भोपाल में बीएचईएल के जंबूरी मैदान में शपथ लेंगे। पहले यह कार्यक्रम लाल परेड ग्राउंड में होना था। मध्यप्रदेश में कांग्रेस 114 सीटों पर जीती।उसेबसपा के दो, सपा के एक और चार निर्दलीय विधायकों ने समर्थन दिया है। कमलनाथ के साथ आरिफ अकील, सज्जन सिंह वर्मा, तुलसी सिलावट, गोविंद राजपूत, हुकुम सिंह कराड़ा, विजय लक्ष्मी साधौ, बिसाहूलाल सिंह, डॉ. प्रभुराम चौधरी, जीतू पटवारी, पीसी शर्मा, लक्ष्मण सिंह/जयवर्द्धन सिंह, हिना कांवरे, कमलेश्वर पटेल, तरुण भनोत और निर्दलीय प्रदीप जायसवाल भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। डॉ. गोविंद सिंह को विधानसभा अध्यक्ष बनाने की चर्चा है।

छत्तीसगढ़: तीसरे मुख्यमंत्री होंगे बघेल
भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के तीसरे मुख्यमंत्री के तौर पर सोमवार को रायपुर के साइंस कॉलेज में शाम 4.30 बजे शपथ लेंगे। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि सोमवार को बघेल अकेले शपथ लेंगे। मंत्रियों पर फैसला बाद में होगा। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 90 में से 68 सीटें जीती हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह में कई पार्टियों के नेता शामिल हुए थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ