श्रीनगर. डोडा जिले में सोमवार को 30 यात्रियों से भरी बस सड़क से फिसल गई। इस बस को सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरने से कॉन्क्रीट के अवरोधों ने रोका। सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बस का आधे से ज्यादा हिस्सा सड़क से बाहर लटका हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, बस किश्तवाड़ के पड्डेर इलाके से जम्मू की ओर जा रही थी। बाटोटे-किश्तवाड़ हाईवे पर हादसा हुआ।
गस्तू गांव के पास बस सड़क से फिसलकर घाटी के ऊपर लटक गई। बस का ज्यादातर हिस्सा घाटी पर लटक रहा था। लेकिन, कॉन्क्रीट के अवरोधों की वजह से बस घाटी में नहीं गिरी। स्थानीय लोगों की मदद से बस में बैठे सभी 30 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस ने कहा कि शून्य से नीचे पारा होने की वजह से इलाके मेें भीषण ठंड थी। कोहरा और बर्फ होने की वजह से सड़क पर फिसलन हो गई थी।
पुलिस ने बताया कि फिसलन की वजह से ड्राइवर ने बस पर नियंत्रण खो दिया होगा। हालांकि, इस हादसे की जांच की जा रही है, जिसके बाद ही पुख्ता तौर पर कुछ कहा जा सकेगा।
अधिकारियों का कहना है कि इलाके की ज्यादातर सड़कों पर बर्फ की वजह से फिसलन हो गई है। ऐसे में ड्राइवरों को ध्यान से बस चलाने की हिदायत दी है।
कठुआ में सोमवार को कार और दूसरे वाहन की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, 5 घायल हैं। उधर, सावन चक के पास एक नहर में कार मिली है। इस कार के भीतर एक आदमी की बॉडी पाई गई। पुलिस का कहना है कि कार रविवार रात नहर में गिरी थी। अगली सुबह लोगों ने इसे देखा।
0 टिप्पणियाँ