बीजिंग. चीन के फुजियान प्रांत में एक शख्स ने बस हाईजैक कर सड़क पर राहगीरों को रौंद डाला। इस दौरान 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं। घटना मंगलवार दोपहर को हुई। मृतकों में एक पुलिसकर्मी भी शामिल है। घटना के बाद का वीडियो सामने आया है, जिसमें खौफनाक मंजर नजर आ रहा है। सड़क पर लोगों की लाशें बिछी हैं और जख्मी हालत में लोग पड़े नजर आ रहे हैं।
चाकू दिखाकर बस को अगवा किया
- घटना लॉन्गयान शहर में हुई। न्यूज एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, एक शख्स ने चाकू की नोक पर बस को अगवा कर लिया था। इस दौरान ड्राइवर पर चाकू से हमला करने में बस बेकाबू हो गई और उसने राहगीरों को कुचल दिया।
- पुलिस ने आरोपी शख्स को अरेस्ट कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। हालांकि, अब तक न हमलावर की पहचान हो पाई है और न ही हमले के पीछे की वजह ही सामने आ पाई है।
- सामने आए घटना के बाद के वीडियो में लोग सड़कों पर गिरे दिख रहे हैं और दूसरी तरफ लाशें पड़ी नजर आ रही हैं। वहीं, एक वीडियो में पुलिस संदिग्ध को हिरासत में लेती दिख रही है।
ऐसी कई घटनाएं आईं सामने
- चीन में पिछले कुछ समय के दौरान इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। नवंबर में सड़क पार कर रहे बच्चों को एक कार ने कुचल दिया था। इस हादसे में 5 की मौत हो गई थी और 18 घायल हुए थे।
- नवंबर की शुरुआत में ही एक बस पुल से नीचे गिर गई थी। हादसे में 15 लोगों की जान गई थी। जांच में सामने आया था कि एक यात्री के साथ ड्राइवर की लड़ाई हो गई थी। इसी दौरान बस पर नियंत्रण खोने से यह हादसा हुआ था।
- फरवरी में एक वैन में आग लग गई थी। इसी दौरान पैदल जा रहे यात्रियों को वैन ने कुचल दिया था। इस हादसे में 18 लोग घायल हुए थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
0 टिप्पणियाँ