मुंबई. जेट एयरवेज इकोनॉमी क्लास की 2 और कैटेग्री में घरेलू यात्रियों को 7 जनवरी से खाना फ्री नहीं देगी। पैसेंजर चाहें तो फ्लाइट में पैसे चुकाकर खाना ले सकेंगे। जेट ने सोमवार को यह जानकारी दी। इकोनॉमी क्लास में जेट की 5 कैटेग्री हैं। इनमें से 2 में फ्री खाने की सुविधा पहले ही बंद की जा चुकी है।
बिजनेस क्लास में सफर करने वाले घरेलू यात्रियों के लिए फ्री खाने की सुविधा जारी रहेगी। साथ ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सभी क्लास में भी इसे बरकरार रखा जाएगा।
घाटे से जूझ रही जेट एयरवेज खर्च कम करने और रेवेन्यू बढ़ाने की लगातार कोशिशें कर रही है। कई रूट्स पर इसने उड़ानों की संख्या भी घटाई है। वित्तीय संकट से उबरने के लिए जेट एयरवेज हिस्सा बिक्री की योजना पर भी काम कर रही है।
एयरलाइसं पिछले कई महीनों से कर्मचारियों की सैलरी भी समय पर नहीं दे पा रही। रविवार को इसे 14 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। सूत्रों के मुताबिक पायलटों ने बकाया सैलरी नहीं मिलने पर तबीयत खराब की बात कही थी।
0 टिप्पणियाँ