सूरत.दिव्यांगों के लिए देश का पहला दिव्यांग न्यूज चैनल सोमवार को सूरत में शुरू किया गया। दक्षिण गुजरात में इसका प्रसारण शुरू हो गया है। उम्मीद है जल्द ही इसे पूरे देश में देखा जा सकता है। इसे डिसेबल वेल्फेयर ट्रस्ट ने शुरू किया है। इसका उद्घाटन राज्य के राज्यपाल ओपी कोहली ने किया।
चैनल के संचालक कनु टेलर ने कहा कि आने वाले दिनों में इस चैनल के लिए इंटरव्यू लेने से लेकर एंकरिंग करने तक सभी काम दिव्यांग ही करेंगे। जल्द ही उनके लिए ट्रेनिंग शुरू की जाएगी। इसमें करीब 6 महीने लग सकते हैं। उसके बाद यह दिव्यांगों के लिए दिव्यांग द्वारा चलने वाला चैनल बन जाएगा।
दिव्यांगों से जुड़ी जानकारी दी जाएगी : चैनल में इंटरव्यू, दिव्यांगों के लिए चलने वाली विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, धार्मिक और सामाजिक खबरों के अलावा अन्य किसी विषय का प्रसारण नहीं किया जाएगा।इससे दिव्यांगों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। गुजरात के राज्यपाल ओपी कोहली ने इस मौके पर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाएं दिव्यांग और समाज तक आसानी से पहुंचाने में यह चैनल अहम भूमिका निभाएगा। दिव्यांगों के कल्याण के लिए कई संस्थाएं और एनजीओ काम कर रहे हैं। यह चैनल उनके काम को भी दिखाए।
गिनीज बुक में दर्ज कराने को भेजा आवेदन :चैनल शुरू करने वाले डिसेबल वेल्फेयर ट्रस्ट के चेयरमैन कनु टेलर ने बताया कि दिव्यांगों को प्रेरणा देने के लिए सिर्फ पॉजिटिव चीजें ही दिखाई जाएंगी। दिव्यांग चैनल की प्रोग्राम डायरेक्टर नितल शाह ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में चैनल का नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन भेजा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
0 टिप्पणियाँ