बेंगलुरु. फ्लिपकार्ट के को-फाउंडर बिन्नी बंसल (37) को अर्ली पे-आउट के तौर पर वॉलमार्ट से 700 करोड़ रुपए (10 करोड़ डॉलर) मिल सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बारे में वॉलमार्ट से बिन्नी की बात चल रही है। पिछले महीने उन्होंने फ्लिपकार्ट के चेयरमैन और ग्रुप सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वॉलमार्ट-फ्लिपकार्ट डील के समय हुए एग्रीमेंट के मुताबिक बिन्नी को अगस्त 2020 तक वॉलमार्ट से 5,950 करोड़ रुपए (85 करोड़ डॉलर) मिलने हैं। फ्लिपकार्ट में उनके 4.5% में से आधे शेयरों के बदले यह रकम मिलेगी। लेकिन, उनके इस्तीफे की वजह से 700 करोड़ रुपए अभी मिलने की उम्मीद है। वॉलमार्ट ने इस साल मई में फ्लिपकार्ट की 77% हिस्सेदारी खरीद ली थी।
बिन्नी बंसल पर फ्लिपकार्ट की पूर्व महिला कर्मचारी ने यौन शोषण के आरोप लगाए थे। इस मामले में वॉलमार्ट की जांच रिपोर्ट में कहा गया कि बिन्नी के खिलाफ आरोप तो साबित नहीं हुए लेकिन उन्होंने पारदर्शिता नहीं बरती।
एक रिपोर्ट के मुताबिक बिन्नी बंसल स्टार्टअप को टेक्नोलॉजी सर्विस देने के लिए अमेरिकी कंपनी मैकिंजी के पूर्व कंसल्टेंट साईंकिरण कृष्णमूर्ति के साथ मिलकर प्रोजेक्ट लाने वाले हैं।
0 टिप्पणियाँ