नई दिल्ली. ग्लोबल रेटिंग एजेंसी फिच ने भारत की जीडीपी ग्रोथ का अनुमान 7.4% से घटाकर 7.2% कर दिया है। चालू वित्त वर्ष (2018-19) के लिए यह अनुमान जारी किया गया है। भारत में ज्यादा लागत और नकदी की कम उपलब्धता की वजह से फिच ने अनुमान घटाया है।
फिच के मुताबिक अगले वित्त वर्ष (2019-20) में भारत की विकास दर 7% और साल 2020-21 में 7.1% रहने की उम्मीद है। रेटिंग एजेंसी ने जून में 2019-20 के लिए 7.5% ग्रोथ का अनुमान जारी किया था।
फिच का कहना है कि भारत की जीडीपी के आंकड़े उम्मीद के मुताबिक नहीं रहने और बाजार में नकदी की कमी को देखते हुए अनुमान घटाया गया है। जुलाई-सितंबर में भारत की जीडीपी ग्रोथ 7.1% रही। अप्रैल-जून में यह 8.2% थी।
रेटिंग एजेंसी का कहना है कि अगले साल होने वाले आम चुनावों को देखते हुए उम्मीद है कि भारत की वित्तीय नीतियां लगातार ग्रोथ को बढ़ावा देने वाली होंगी। फिच के मुताबिक साल 2019 के आखिर तक डॉलर के मुकाबले रुपया 75 तक गिर सकता है।
0 टिप्पणियाँ