जब एक ही वनडे मैच में बने थे 825 रन, 414 रन बनाने के बावजूद भी मैच जीतने में टीम इंडिया के छूट गए थे पसीने
स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट के इतिहास में आज की तारीफ (15 दिसंबर) काफी अहम है। क्योंकि आज ही के दिन भारत ने 50 ओवर में 414 रन बनाए थे, लेकिन इसके बावजूद भी उसको मैच जीतने में पसीने छूट गए थे। देखिए कब और कहां हुआ था ये खास मैच जिसमें बने थे 825 रन।
राजकोट में श्रीलंका के खिलाफ हुआ था मैच
साल 2009 में श्री लंकाई टीम भारत दौरे पर आई थी, तब सीरीज के पहले ही वनडे मैच में यह रेकॉर्ड बना। 15 दिसंबर 2009 को राजकोट में भारत और श्रीलंका के बीच वनडे इंटरनेशनल मैच खेला गया था। इस मैच में ओपनर वीरेंद्र सहवाग की 146 रन की पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 7 विकेट पर 414 रन का विशाल स्कोर बनाया था। सहवाग ने ये रन 102 गेंदों पर 17 चौके और 6 छक्कों की मदद से बनाए थे। जवाब में श्रीलंका जीत के करीब तक पहुंच गया था लेकिन 3 रन के मामूली अंतर से हार गया। श्रीलंका की तरफ से भी ओपनर तिलकरत्ने दिलशान ने 160 रन की पारी खेली थी।
सचिन तेंडुलकर ने की थी ओपनिंग
इस मैच में सचिन तेंडुलकर ने 63 गेंदों पर 10 चौके और 1 छक्के की मदद से 69 रन बनाए थे। सहवाग और सचिन ने 153 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की थी। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 53 बॉल पर 72 रन बनाए थे। वहीं रविंद्र जडेजा ने नाबाद 30 और 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे विराट कोहली ने 27 रन का योगदान दिया था।
वनडे में दूसरा सर्वश्रेष्ठ टोटल
दोनों टीमों की ओर से बनाए गए कुल रनों के लिहाज से यह दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले साल 2006 में साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच 12 मार्च को जोहानिसबर्ग में खेले गए मुकाबले में दोनों टीमों का कुल स्कोर 872 रन था। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं