मिताली कॉन्ट्रोवर्सी के बीच हरमनप्रीत और स्मृति मंधाना ने बीसीसीआई को लिखी चिट्ठी


स्पोर्ट्स डेस्क: महिला टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अंतिम एकादश से मिताली राज को बाहर रखने का विवाद थम नहीं रहा। कप्तान हरमनप्रीत कौर और उपकप्तान स्मृति मंधाना ने सोमवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को पत्र लिखा। इसमें कोच रमेश पोवार की कोच पद पर वापसी की मांग की गई है। इस विवाद के बाद बीसीसीआई ने कोच पोवार का कार्यकाल नहीं बढ़ाया था। पोवार का कार्यकाल 30 नवंबर को समाप्त हुआ था, जिसके बाद बीसीसीआई ने कोच पद के लिए नए आवेदन मांगे हैं।

हरमनप्रीत ने कहा- पोवार टीम में बदलाव लाए
हरमनप्रीत ने पत्र में लिखा, 'मैं टी-20 कप्तान और वनडे उपकप्तान के रूप में आपसे अपील करती हूं कि पोवार को कोच के रूप में बरकार रखा जाए। अगले टी-20 वर्ल्ड कप में 15 महीने और न्यूजीलैंड दौरे पर जाने के लिए एक महीना ही शेष है। एक टीम के रूप में वे जिस तरह हमारे अंदर बदलाव लाए उसे देखते हुए मुझे उन्हें बदलने का कोई कारण नजर नहीं आता।' हरमनप्रीत ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में हार पर लिखा- 'हार दिल तोड़ने वाली थी और यह देखकर परेशानी और बढ़ गई कि कैसे हमारी छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। पोवार सर ने हमें प्रेरित किया कि हम खुद को चुनौती देने के लिए लक्ष्य बनाएं। उन्होंने तकनीकी और रणनीतिक रूप से भारतीय महिला क्रिकेट टीम में बदलाव किया।'

मिताली को बाहर रखने का फैसला सामुहिक: हरमनप्रीत
हरमनप्रीत ने मिताली को बाहर रखने पर कहा, 'उन्हें बाहर करना टीम प्रबंधन का फैसला था। इसके लिए पोवार अकेले जिम्मेदार नहीं थे। उस समय की जरूरतों को देखते हुए मैंने, स्मृति, चयनकर्ता (सुधा शाह) और कोच ने हमारे मैनेजर की मौजूदगी में यह फैसला किया था।'

पोवार ने टीम का मनोबल बढ़ाया
मंधानास्मृति ने भी इस मामले में हरमनप्रीत का समर्थन किया। उन्होंने कहा, 'पोवार ने उन्हें बेहतर क्रिकेटर बनाया। उन्होंने सहयोगी स्टाफ के साथ मिलकर एक टीम के रूप में हमारा मनोबल बढ़ाया, जिससे हम लगातार 14 टी-20 मैच जीतने में सफल रहे।'

पोवार ने मिताली को घमंडी कहा था
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद मिताली ने बोर्ड और सीओए से कोच रमेश पोवार की शिकायत की थी और अपमानित करने के आरोप लगाए थे। पोवार ने पलटवार करते हुए मिताली को घमंडी कहा था। इसके बाद बोर्ड ने उनका कार्यकाल आगे नहीं बढ़ाया।

Retain Ramesh Powar as coach: Harmanpreet Kaur, Smriti Mandhana

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ