भोपाल/जयपुर/रायपुर. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने भाजपा को लगातार चौथी बार चुनाव जीतने से रोक दिया है। राजस्थान की तस्वीर भी कांग्रेस के पक्ष में नजर आ रही है। वहीं, मध्यप्रदेश में अभी मामला बराबरी पर बना हुआ है। राजस्थान में मुख्यमंत्री बनने के दावेदारों में अशोक गहलोत सबसे आगे हैं। वे पहले भी मुख्यमंत्री रहे हैं। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के जीतने की स्थिति में प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को मौका मिल सकता है। वहीं, छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल का नाम सीएम कैंडिडेट के तौर पर आगे चल रहा है।
राजस्थान में 100 या इससे कम सीटें रहने पर अशोक गहलोत के मुख्यमंत्री बनने के आसार ज्यादा हैं। इसलिए कि गहलोत संकट मोचक हैं और अन्य दलों से उनका मैनेजमेंट भी अच्छा है। इसके पहले भी जब गहलोत मुख्यमंत्री थे तो उन्हें पूर्ण बहुमत नहीं मिला था। 96 सीटों के साथ कांग्रेस सरकार बनी थी और गहलोत ने सफलतापूर्वक पांच साल राज किया था। सचिन पायलट चूंकि नए हैं, इसलिए कम सीटों की सरकार में उनके सीएम बनने की संभावना कम है।
भाजपा जीतती है तो शिवराज तय हैं लेकिन कांग्रेस जीतती है तो कमलनाथ की संभावनाएं ज्यादा हैं। यह भी हो सकता है कि कमलनाथ और सिंधिया के झगड़े में दिग्विजय सिंह द्वारा अजय सिंह 'राहुल भैया' को आगे कर दिया जाए। अब अजय सिंह चुरहट से खुद ही हार जाएं तो ये उनका दुर्भाग्य होगा। वैसे यहां कांग्रेस में कमलनाथ का नाम सबसे ऊपर है।
छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल का मुख्यमंत्री बनना तय है। क्योंकि वही थे, जो लड़ रहे थे, संघर्ष कर रहे थे। केस झेले, जेल गए। सब कुछ किया। केवल ट्रांसफर, नियुक्तियां कराने वाले नेताओं की दौड़ से बाहर रहे। दूसरा नाम टीएस सिंहदेव का है, लेकिन भूपेश बघेल के सामने सिंहदेव की संभावना ना के बराबर है।
0 टिप्पणियाँ