शिमला/देहरादून/श्रीनगर.हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर पिछले दो दिनों से बर्फबारी जारी है। शिमला में बुधवार कोे सीजन की पहली बर्फबारी हुई। श्रीनगर में ऐतिहासिक मुगल रोड तीसरे दिन भी बंद रहा। हालांकि, घाटी को बाकी राज्य से जोड़ने वाला नेशनल हाईवे का एक मार्ग शुरू कर दिया गया। मुगल रोड शोपियां को जम्मू के पुंछ और कश्मीर के राजौरी से जोड़ता है। उधर, उत्तराखंड में केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में 1 फीट ऊंची बर्फ की चादर बिछ गई।
हिमाचल में रोहतांग दर्रे पर मंगलवार को एक फीट बर्फबारी हुई, जबकि गुलाबा, कोठी और मढ़ी में भी आधा फुट गिरी। बर्फबारी का असर दिल्ली तक महसूस किया जा रहा है। दिल्ली के सामान्य तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
15 दिसंबर तक तापमान में 5-6 डिग्री तक की कमी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, शिमला में 3.8 सेमी बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके अलावा कुफ्री में 7 सेमी और चंबा में 1.5 सेमी बर्फबारी हुई है। लाहौल-स्पीति में 6 सेमी और किन्नौर में 3 सेमी बर्फबारी दर्ज की गई।
उत्तराखंड मौसम विभाग के मुताबिक, 2500 मीटर ऊंचाई पर स्थित स्थानों पर 1 फीट तक बर्फबारी हुई है। इसके अलावा देहरादून के चकार्ता और मंसूरी के धनौल्टी में बर्फबारी और बारिश हुई। इसके चलते इलाके में ठंड बढ़ गई है।
जम्मू-कश्मीर में एलओसी से सटे केरन, कर्नाह, माछिल, तंगधार और गुरेज में बर्फबारी के चलते हाईवे बंद हैं। यहां पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। इन इलाकों से 200 से ज्यादा यात्रियों का रेस्क्यू किया गया।
0 टिप्पणियाँ