फेसबुक इंडिया की पूर्व हेड सॉफ्टबैंक के विजन फंड की पहली महिला पार्टनर नियुक्त
सैन कार्लोस. फेसबुक इंडिया की पूर्व एमडी किर्तिगा रेड्डी (46) को सॉफ्टबैंक ने अपने 100 अरब डॉलर के विजन फंड में पार्टनर नियुक्त किया है। भारतीय मूल की किर्तिगा इस विजन फंड की पहली महिला पार्टनर हैं। उन्होंने सॉफ्टबैंक इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स ज्वॉइन कर लिया है।
भारतीय मूल की किर्तिगा ने फरवरी 2016 में फेसबुक इंडिया की एमडी के पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वो 2 साल से फेसबुक के अमेरिका स्थित हेड ऑफिस में काम कर रही थीं। वो 8 साल तक फेसबुक से जुड़ी रहीं। किर्तिगा फेसबुक इंडिया की पहली कर्मचारी थीं। वो जुलाई 2010 में फेसबुक इंडिया की हेड बनी थीं।
किर्तिगा सॉफ्ट बैंक विजन फंड केअमेरिका स्थित सैन कार्लोस ऑफिस में काम करेंगी। वो एंटरप्राइज और कंज्यूमर टेक्नोलॉजी में टेक्निकल और बिजनेस एक्सपर्ट के तौर पर जानी जाती हैं।
किर्तिगा का जन्म साल 1972 में चेन्नई में हुआ। उन्होंने मुंबई के महात्मा गांधी मिशन इंजीनियरिंग एंड टेक्नॉलजी कॉलेज से कम्प्यूटर सांइस की पढ़ाई की। इसके बाद अमेरिका के स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी के ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस से एमबीए की डिग्री हासिल की। वो स्टेनफोर्ड बिजनेस स्कूल मैनेजमेंट के बोर्ड में भी शामिल हैं।
जापान के सॉफ्टबैंक ग्रुप ने साल 2016 में विजन फंड की शुरुआत की थी। यह तेजी से बढ़ने वाली टेक्नोलॉजी कंपनियों में निवेश करता है। इसका लक्ष्य रहता है कि हर 2 से 3 साल में 100 अरब डॉलर का फंड जुटाए और हर साल 50 अरब डॉलर खर्च किए जाएं।
कोई टिप्पणी नहीं