इस हफ्ते फेड रिजर्व के ब्याज दरें बदलने की उम्मीद नहीं: देवांग्शु दत्ता

https://ift.tt/2BoRdQN

मुंबई. पिछले हफ्ते शेयर बाजार असमंजस में दिखे। हुवावे कंपनी की सीएफओ मेंग वांगझू की गिरफ्तारी के बावजूद अमेरिका और चीन के बीच व्यापार वार्ता जारी रही। डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग नया टैरिफ लगाने की आखिरी तारीख बढ़ाने पर राजी हुए। इससे दोनों देशों के वार्ताकारों को समय मिला है। उर्जित पटेल के इस्तीफे के बाद अस्थिरता के कारण रुपया कमजोर हुआ। इस हफ्ते अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक होनी है। विश्लेषक मान रहे हैं कि पॉलिसी दरें नहीं बदलेंगी। इंग्लैंड में ब्रेक्जिट को लेकर संशय है। वहां दूसरे जनमत संग्रह की बात चल रही है। संभव है कि ब्रिटेन यूरोपियन यूनियन में बना रहे।

नए आरबीआई गवर्नर को लेकर बाजार सकारात्मक
पिछले सोमवार को उर्जित पटेल के अचानक इस्तीफा देने के बाद शक्तिकांत दास रिजर्व बैंक के नए गवर्नर बनाए गए हैं। बाजार ने इस घटना को सकारात्मक लिया है। उम्मीद है कि नए गवर्नर नकदी संकट दूर करने की दिशा में कदम उठाएंगे। साथ ही सरकार और आरबीआई के बीच टकराव खत्म होगा। आर्थिक मामले विभाग के पूर्व सचिव दास ने 14 दिसंबर को आरबीआई बोर्ड की पहली मीटिंग की। हालांकि अभी पीसीए पर कोई फसला नहीं हुआ है।

वेदांता प्लांट पर सुप्रीम कोर्ट जा सकती है तमिलनाडु सरकार
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने वेदांता के तूतीकोरिन प्लांट को दोबारा खोलने की इजाजत दी है। मार्च 2018 में बंद होने से पहले देश का 35% कॉपर यहीं बनता था। ट्रिब्यूनल ने कंपनी को स्वास्थ्य और पानी जैसा स्थानीय सर्विसेज पर 100 करोड़ रुपए खर्च करने का निर्देश दिया है। तमिलनाडु सरकार आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जा सकती है।

दाइची की याचिका पर फोर्टिस की हिस्सेदारी बेचने पर रोक
फोर्टिस हेल्थकेयर की हिस्सेदारी मलेशिया की आईएचएच हेल्थकेयर को बेचने पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है। कोर्ट ने जापान की दाइची सैंक्यो कंपनी की याचिका पर निर्णय लिया है। कोर्ट ने प्रमोटरों की कंपनी आरएचसी होल्डिंग समेत कई कंपनियों को नोटिस भेजा है। खबर आने के बाद फोर्टिस के शेयरों में गिरावट आई।

आरबीआई के खिलाफ कोर्ट गया कोटक बैंक
प्रमोटर होल्डिंग घटाने पर कोटक महिंद्रा बैंक और आरबीआई के बीच विवाद बढ़ गया। बैंक ने अगस्त में प्रमोटर होल्डिंग घटाकर 20% करने के लिए नॉन कन्वर्टिबल प्रेफरेंस शेयर जारी किया था। 5 रुपए फेस वैल्यू वाले शेयरों पर 8.1% डिविडेंड तय हुआ है। इन शेयरों के बदले वोटिंग अधिकार नहीं होंगे। रिजर्व बैंक ने इसे नहीं माना। उसका कहना है कि प्रमोटरों के पास अब भी 30% वोटिंग अधिकार है। बैंक ने आरबीआई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की है।


जेट एयर के 4 साल के खातों की फॉरेंसिक जांच होगी
एसबीआई जेट एयरवेज के खातों की फॉरेंसिक ऑडिट करा रही है। यह काम कंसल्टेंसी फर्म अर्नस्ट एंड यंग कर रही है। जेट बैंकों से नया कर्ज लेने की कोशिश में है। वह पुराने कर्ज को इक्विटी में बदलने के लिए एसबीआई से बात भी कर रही है। अब यह ऑडिट के नतीजों पर निर्भर करेगा। एयरलाइन पर 8,200 करोड़ का कर्ज है। बैंक ने व्हिसलब्लोअर की शिकायत पर ऑडिट कराने का फैसला किया है। अप्रैल 2014 से मार्च 2018 तक एयरलाइन के खातों की जांच होगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
देवांग्शु दत्ता, कंट्रीब्यूटिंग एडिटर, बिजनेस स्टैंडर्ड।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ