तीन विमान हवा में टकराने से बचे, एटीसी की कई चेतावनियों से टला हादसा
मुंबई. एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने (एटीसी) ने कई चेतावनियां जारी कर तीन विमानों को हवा में टकराने से बचा लिया। सैकड़ों यात्रियों को ले जा रहे विदेशी एयरलाइंस के तीन विमान काफी करीब आ गए थे। हलांकि, ऑटो जेनरेटेड वॉर्निंग और एटीसी के लगातार हस्तक्षेप के चलते हादसा टल गया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना 23 दिसंबर की है।
अधिकारी ने कहा कि डच एयरलाइन केएलएम, ताईवान की ईवा एयर और अमेरिका की नेशनल एयरलाइंस के विमान उड़ान के दौरान काफी करीब आ गए थे।
ये विमान दिल्ली फ्लाइट इन्फर्मेशन रीजन (एफआईआर) में थे। एफआईआर तय किया गया वह एयरस्पेस होता है, जिसके तहत जानकारियां और चेतावनियां जारी की जाती हैं।
अधिकारी ने कहा, "घटना के समय नेशनल एयरलाइंस की फ्लाइट एनसीआर 840 अफगानिस्तान के बेगराम एयरपोर्ट से हॉन्गकॉन्ग जा रही थी। इसी दौरान केएलएम की फ्लाइट केएलएम 875 एम्सटर्डम (नीदरलैंड) से बैंकॉक (थाईलैंड) जा रही थी। उधर, ईवा एयरलाइंस की फ्लाइट ईवीए 061 बैंकॉक से विएना (ऑस्ट्रिया) जा रही थी।"
"एनसीआर की 840 फ्लाइट लेवल 310 (31,000 फीट) पर उड़ान भर रही थी। ईवीए 061 लेवल 320 (32,000 फीट) पर उड़ान भर रही थी, जो कि तय की गई आवश्यक दूरी का उल्लंघन कर रही थी।"
"पहले एनसीआर और ईवीए के विमानों को ट्रैफिक कोलीजन अवॉइडेंस सिस्टम (टीसीएएस) के जरिए चेतावनी जारी की गई। इसी दौरान केएलएम की फ्लाइट 330 लेवल (33,000 फीट) पर उड़ान भर रही थी। इसे भी टीसीएएस सिस्टम के जरिए चेतावनी जारी की गई।"
"वॉर्निंग जारी होने के बाद एनसीआर के विमान के पायलट ने 35,000 फीट की ऊंचाई पर जाना शुरू किया, लेकिन उसे अपने मौजूदा लेवल 310 पर तब तक बने रहने को कहा गया, जब तक कि उसे और ऊंचाई पर जाने की इजाजत नहीं दी जाती।"
"जब एटीसी ने देखा कि वह चेतावनी के बावजूद ऊंचाई पर जा रहा है, तो उसे बाएं मुड़ने को कहा गया। इसी वक्त ईवीए की फ्लाइट ने भी 330 के लेवल पर जाना शुरू कर दिया। इस लेवल पर पहले से ही केएलएम की फ्लाइट मौजूद थी। इस मौके पर एक और टीसीएएस चेतावनी जारी की गई।"
"लगातार जारी की गई इन चेतावनियों के चलते पायलट अलर्ट हो गए और अपनी फ्लाइट को सुरक्षित दूरी पर ले गए। एनसीआर की फ्लाइट ने दोबारा 330 के निचले लेवल पर आना शुरू कर दिया था। ऐसे में यह ईवीए फ्लाइट के रास्ते में आ जाता। हालांकि टीसीएएस वॉर्निंग के चलते ऐसा नहीं हुआ।"
कोई टिप्पणी नहीं