मारपीट-तोड़फोड़ के बाद भींडर में तनाव, विधायक रणधीर सिंह पर आरोप; कांग्रेस प्रत्याशी धरने पर
कानोड़.वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के भींडर में गुरुवार रात को मारपीट तथा तोड़फोड़ के बाद तनाव हो गया। कांग्रेस ने जनता सेना कार्यकर्ताओं पर कार में तोड़-फोड़ और मारपीट का मुकदमा दर्ज करवाया है। कांग्रेस प्रत्याशी गजेंद्र सिंह शक्तावत आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने में धरने पर बैठ गए।
विधायक भींडर का कहना है कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है, घटना के वक्त वे कुराबड़ में थे। कांग्रेस नेता राहुल जैन ने पुलिस रिपोर्ट में बताया कि शक्तावत से मिलकर कार से गांव जा रहे थे। आरोप लगाया कि भींडर रेलवे स्टेशन के पास जनता सेना प्रत्याशी और वर्तमान विधायक रणधीर सिंह भींडर, उनका पुत्र प्रणवीर सिंह, पू्र्व चेयरमैन गोवर्धन लाल भोई, हितेश व्यास, उप प्रधान देवीलाल जाट व पचास अन्य लोगों ने उसकी स्कॉर्पियो कार रुकवाई और कार में तोड़-फोड़ शुरू कर दी। धारदार हथियारों से हमलाकर राहुल व उसके साथी भूपेंद्र सिंह शक्तावत को घायल कर दिया। 6 तोला सोने की चेन लूट का भी आरोप लगाया।
सूचना पर गजेंद्र सिंह शक्तावत और कार्यकर्ता थाने के बाहर एकत्र हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़ गए। गिरफ्तारी नहीं होने पर कार्यकर्ताओं के साथ भींडर के निवास पर जाने कीजचेतावनी दी। पुलिस की काफी समझाइश के बाद शुक्रवार शाम 5 बजे तक गिरफ्तारी नहीं होने पर फिर से धरना देने की चेतावनी दी। थानाधिकारी मान सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच कर रहे हैं।
जनता सेना प्रत्याशी हार से बौखला गए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता पर हॉकी व तलवार से हमला किया है। कार्रवाई के लिए रिपोर्ट दी है। चुनाव-चुनाव की जगह है, कार्रवाई नहीं होने पर युद्ध होगा। -गजेंद्र सिंह शक्तावत, कांग्रेस प्रत्याशी
मैं तो कुराबड़ हूं, मुझे इस मामले की कोई जानकारी नहीं है। - रणधीर सिंह भींडर, जनता सेना प्रत्याशी
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं