अब "स्माइल और केयर' के साथ होगा मरीजों का इलाज

https://ift.tt/2Elz6OV

पवन कुमार (नई दिल्ली).कहते हैं कि अगर मरीज की बात को डॉक्टर अच्छे से सुन ले, उससे अच्छे से बात कर ले तो ही मरीज की आधी तबीयत दुरुस्त हो जाती है। ये बात अब सरकार ने भी समझ ली है। तभी अब हर मरीज का इलाज 'स्माइल और केयर' के साथ होगा। यानी हंसी और खासी देख-रेख के साथ मरीजों को इलाज दिया जाएगा।

अभी 8 एम्स में व्यवस्था

अब डॉक्टर हर मरीज को कम से कम 10 से 12 मिनट का समय देंगे। अब तक हर मरीज को डॉक्टर 3 से 4 मिनट का समय ही दे पा रहे थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्‌डा की अध्यक्षता में हुई सेंट्रल इंस्टीट्यूट बॉडी (सीआईबी) की बैठक में मरीजों को डील करने के तरीके पर कुछ नए प्रस्तावों पर मुहर लगी है। अभी ये व्यवस्था दिल्ली, पटना, भोपाल, रायपुर, जोधपुर, भुवनेश्वर, ऋषिकेश समेत देश के 8 एम्स के लिए ही की गई है। साथ ही अब जो नए एम्स बनेंगे, उनमें भी ये व्यवस्था रहेगी। दिल्ली एम्स ने तो नई व्यवस्थाओं में से कई तो लागू भी कर दी हैं। बाकी एम्स को भी फौरन इस दिशा में काम शुरू कर देने के लिए कहा गया है। व्यवस्थाएं अच्छे से लागू हो सकें, इसके लिए हर एम्स में पेशेंट केयर को-ऑर्डिनेटर (पीसीसी), पेशेंट केयर मैनेजर्स और मेडिकल सोशल सर्विस ऑफिसर(एमएसएसओ) नियुक्त करने के लिए भी कहा गया है।

नियुक्त किए जाएंगे काउंसलर
इमरजेंसी यूनिट, इंटेसिव केयर यूनिट (आईसीयू), हाई-डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) औरऑपरेशन थिएटर ऐसी जगह होती हैं, जहां मरीज से लेकर डॉक्टर तक तनाव में रहते हैं। डॉक्टर, नर्स और मरीज के परिजनों का तनाव कुछ दूर हो सके, इसके लिए काउंसलर भी नियुक्त किए जाएंगे। यह सब व्यवस्था इसलिए की जा रही है क्योंकि सही जानकारी और काउंसलिंग नहीं होने की वजह से ही मरीजों और तीमारदारों में असंतोष बढ़ता है। कई बार यही विवाद की वजह भी बनता है। विदेशों में हर मरीज को डॉक्टर से मिलने वाले समय पर खासा ध्यान दिया जाता है। अमेरिका, ब्रिटेन जैसे देशों में मरीज को मिलने वाला औसत समय 12-15 मिनट का है।

डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने के लिए भी एम्स को निर्देश

मरीजों की संख्या के अनुपात में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने के लिए भी एम्स को निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में चार घंटे में एक डॉक्टर 60 से 80 मरीज देखते हैं। ऐसे में एक मरीज पर तीन से चार मिनट का ही समय दे पाते हैं। अब हर मरीज पर कम से कम 10 से 12 मिनट का समय देने के लिए कहा गया है। इसके लिए डॉक्टरों की जरूरी संख्या और उस तरह की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी एम्स प्रशासन को दी गई है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Treatment of Patients with "Smile and Care"

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.