छत्तीसगढ़ में प्रचंड बहुमत के बावजूद भी कांग्रेस तय नहीं कर पा रही CM, रायपुर से लेकर दिल्ली तक बैठकों का दौर जारी
नेशनल डेस्क. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के नाम को लेकर तीन दिन बाद भी सस्पेंस बरकरार है। दिल्ली में राहुल गांधी के साथ चल रही छत्तीसगढ़ के नेताओं की बैठक खत्म हो गई है। माना जा रहा है कि राहुल गांधी कुछ घंटों बाद मुख्यमंत्री के नाम का एलान कर सकते हैं। वहीं संभावना इस बात की भी है कि शनिवार को रायपुर में विधायक दल की बैठक होने के बाद नाम का ऐलान हो।
राहुल गांधी कर सकते हैं मुख्यमंत्री के नाम का एलान
दरअसल, छत्तीसगढ़ में बड़ी जीत के बावजूद सीएम के चेहरे को लेकर पेंच फंसा हुआ है। इसे देखते हुए भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, चरण दास महंत और ताम्रध्वज साहू को दिल्ली तलब किया गया था। प्रदेश के चारों बड़े नेताओं की राहुल गांधी के साथ करीब एक घंटे से भी ज्यादा देर बैठक चली। बैठक में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और ऑब्जर्बर मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद रहे।
- बैठक खत्म होने के बाद राहुल गांधी के बंगले से शाम करीब 5.45 बजे बाहर निकले ऑब्जर्बर बनाए गए मल्लिकाजुर्न खड़गे ने कहा कि चर्चा होने के बाद अंतिम फैसला राहुल गांधी के ऊपर छोड़ दिया गया है। वह जिसका नाम तय करेंगे वही मुख्यमंत्री बनेगा। वहीं प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया का कहना है कि सीएम का नाम शनिवार को तय होगा।
कैसा था बैठक के बाद का हाल
बैठक के बाद बाहर निकले ताम्रध्वज साहू अलग-अलग से दिखाई दिए। जबकि भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव और चरण दास महंत साथ में बाहर आए और एक साथ ही गाड़ी से छत्तीसगढ़ भवन के लिए निकल गए। यह नेता रात को
दिल्ली में ही रुकेंगे और सुबह रायपुर आएंगे।
- चारों नेताओं ने एक सुर में कहा है कि उनको पार्टी की ओर से जो जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे निभाएंगे। इससे पहले भूपेश बघेल ने कहा था कि आलाकमान ने उन्हें संगठन को खड़ा करने की जिम्मेदारी दी थी और उन्होंने इसे पूरा किया। वहीं प्रभारी पुनिया ने भी कहा कि मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कोई विवाद नहीं है।
देरी के चलते स्थगित हुआ बैठक का तय समय
दरअसल, छत्तीसगढ़ के नेताओं की राहुल गांधी के साथ शुक्रवार सुबह 10.30 बजे से बैठक के लिए समय तय किया गया था। इसके चलते टीएस सिंहदेव, भूपेश बघेल और चरणदास महंत शुक्रवार सुबह रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होने निकले। जबकि ताम्रध्वज साहू पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं। हालांकि राजधानी में घने कोहरे के चलते फ्लाइट 4 घंटे देरी से रवाना हुई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं