पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ी, कश्मीर 24 घंटे तक बाकी देश से कटा रहा
श्रीनगर/ नई दिल्ली.पहाड़ी राज्यों खासकर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में बर्फबारी और कुछ जगहों पर बारिश से देश के उत्तरी और मध्य भाग में फिर से तेज सर्दी शुरू हो गई है। सबसे ज्यादा बर्फबारी कश्मीर में हुई है। सड़क और हवाई सेवाएं बंद होने के कारण इस मौसम में पहली बार कश्मीर देश के बाकी हिस्सों से 24 घंटे कटा रहा। श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग और मुगल रोड बर्फबारी के चलते बंद हैं। श्रीनगर-लेह राजमार्ग और गुरेज व तंगधार की ओर जाने वाले पहाड़ी दर्रों वाले मार्ग भी बंद हैं।
बर्फबारी के कारण शुक्रवार से शनिवार दोपहर तक (करीब 24 घंटे) श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें बंद रहीं। इसके बाद दो फ्लाइट शनिवार शाम को रवाना हुईं। उधर हिमाचल में बर्फबारी के कारण शिमला सहित कई इलाकों में यातायात बंद है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भारी बर्फबारी हुई। बर्फ के कारण थल-मुंसियारी मार्ग बंद हो गया है। रातापानी और मुंसियारी के बीच कई गाड़ियां फंसी हुई हैं।
5 दिन बाद राजस्थान में जयपुर समेत एक दर्जन जिलों में तापमान 2 डिग्री तक गिरा। बीकानेर समेत 6 जिले में मावठा गिर सकता है। दिल्ली में साेमवार तक बारिश हो सकती है।
पहाड़ों पर बर्फबारी का एमपी में 48 से 72 घंटे बाद असर होता है। वहां 6 से नौ जनवरी तक शीतलहर चलने के आसार हैं। ऐसे ही हालात गुजरात में रहने के अासार हैं।
मौसम विभाग ने कहा कि जम्मू और कश्मीर में रविवार तक बर्फबारी होने के आसार हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश में नौ जनवरी तक बर्फबारी जारी रहेगी। राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
- श्रीनगर में 24 घंटे 25.2 सेमी बर्फबारी हुई। मशहूर स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग में 60 सेमी, काजीगुंड में 27 सेमी, कोकेरनाग में 7.5 सेमी, पहलगाम में 40 सेमी और कुपवाड़ा में 43 सेंटीमीटर बर्फबारी हाे चुकी है।
- गुलमर्ग में तापमान माइनस 7.3 डिग्री, लेह में माइनस 8 डिग्री,जबकि करगिल में माइनस 15.6 डिग्री रहा। जम्मू शहर में रात का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री, कटरा में 6.4 डिग्री, बटोटे में शून्य से 1.3 डिग्री नीचे रहा।
- भारी बर्फबारी से टूरिज्म से जुड़े लोगों की उम्मीदें बढ़ी हैं। श्रीनगर में पहले से मौजूद कई टूरिस्ट ने अपने ट्रिप का वक्त बढ़ा दिया है।
- श्रीनगर में नीट-पीजी के अभ्यर्थी फंस गए हैं। उन्हें रविवार को परीक्षा देने जम्मू पहुंचना है।
-
- थाईलैंड के चक्रवाती तूफान पाबुक के कारण तीन मौतें हुई हैं। ये अब भारत के अंडमान द्वीप की ओर पहुंच गया है।
- ब्रिटेन के कई इलाकों में पारा माइनस 10 डिग्री तक है। स्कॉटलैंड में जमाने वाली सर्दी है।
- अमेरिका के ओक्लाहोमा में 15 सेमी बर्फबारी हुई। वहीं टेक्सास में पारा शून्य के नीचे है। ध्रुवीय हवाओं से सर्दी बढ़ सकती है। एरिजोना की ग्रैंड कैनयान जम गई है। मिडवेस्ट में सोमवार को बर्फ का तूफान आने की आशंका है।
कोई टिप्पणी नहीं