नई दिल्ली. मोदी सरकार ने जवाहर नवोदय विद्यालयों (जेएनवी) में 2019-20 के लिए 5 हजार एडमिशन सीटें बढ़ा दी हैं। केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सोमवार को यह घोषणा की। जावेडकर ने कहा, सरकार ने ग्रामीण स्कूल व्यवस्था को मजबूत बनाने और निर्धन प्रतिभाओंं को शिक्षा का अवसर देने के लिए यह कदम उठाया है।
वर्तमान में बच्चों के लिए जेएनवी में सीटों की संख्या 46,600 है। 2019-20 सत्र में एडमिशन के लिए 5 हजार सीट बढ़ाने के बाद अब कुल सीटों की संख्या 51 हजार हो जाएगी।नवोदय के लिए छठवीं कक्षा से एडमिशन होते हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने पिछले चार साल में 9 हजार सीटें बढ़ाई हैं। अब 2019 में कुल वृद्धि 14 हजार हो जाएगी। अगले चार सालों में 32 हजार से ज्यादा सीटें बढ़ने की संभावना है।
नवोदय विद्यालय देश की एक मात्र ऐसा एजुकेशन सिस्टम है, जिसमें एडमिशन के लिए एग्जाम देना होता है। वर्ष 2001 में 5.50 लाख स्टूडेंट्स ने एग्जाम दी थी। साल 2019 में इंट्रेन्स एग्जाम के लिए 31.10 लाख स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
ऑनलाइन आवेदन फार्म की अंतिम तिथि 30 नवंबर से बढ़ाकर 15 दिसंबर कर दी गई है। जो अभ्यर्थी सत्र 2018-19 में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत है, वे कक्षा छह में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते है। ज्यादा जानकारी के लिए विद्यालय की वेबसाइट पर देख सकते हैं।
0 टिप्पणियाँ