स्टिंग ऑपरेशन में फंसे मंत्रियों के तीन निजी सचिव गिरफ्तार; जेल भेजे गए
लखनऊ. उत्तरप्रदेश पुलिस ने एक निजी चैनल के स्टिंग ऑपरेशन में फंसे तीन राज्यमंत्रियों के निजी सचिवों को गिरफ्तार कर लिया है। इन पर स्टिंग में तबादले, ठेका-पट्टा दिलाने के लिए डीलिंग करने के आरोप लगे थे। राज्य सरकार ने इस मामले में 27 दिसंबर को तीनों ही आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बादनिलंबित कर दिया था। साथ ही एसआईटी जांच कर 10 दिन में जांच रिपोर्ट मांगी थी।
शनिवार रात हजरतगंज पुलिस ने राज्य के पिछड़ा कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर के निजी सचिव ओमप्रकाश कश्यप, खनन मंत्री अर्चना पांडेय के पीएस एसपी त्रिपाठी और बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के पीएस संतोष अवस्थी को उनके आवास से गिरफ्तार किया है। बाद में उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और जेल भेज दिया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी विशेष जांच दल (एसआईटी) की सिफारिश पर की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एडीजी (लखनऊ) राजीव कृष्णा की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया था। इसमें आईजी (एसटीएफ) और विशेष सचिव (आईटी) राकेश वर्मा शामिल थे। पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मंत्रियों को अपने विभागों और कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार के बारे में जागरूक करने का निर्देश दिया था।
स्टिंग सामने आने के बाद मंत्रियों ने कार्रवाई के लिए लिखा था
राज्य के पिछड़ा कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपने निजी सचिव ओम प्रकाश कश्यप के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सीएम को पत्र लिखा था। वहीं, राज्यमंत्री अर्चना पांडेय ने कहा था कि एसके त्रिपाठी को जरूर सजा मिलनी चाहिए। स्टिंग में ओमप्रकाश कश्यप बेसिक शिक्षा विभाग में तबादले के लिए रिश्वत मांगते नजर आए थे। स्कूलों में बैग और ड्रेस की सप्लाई के ठेके के लिए बेसिक शिक्षा मंत्री अनुपमा जायसवाल के पति से डील कराने की बात भी की थी।
खनन राज्यमंत्री अर्चना पांडेय के निजी सचिव एसपी त्रिपाठी भी सहारनपुर समेत आधा दर्जन जिलों में खनन पट्टा दिलाए जाने के लिए डील करते स्टिंग में दिखाई दिए। तीसरा मामला बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह के निजी सचिव संतोष अवस्थी का था। अवस्थी को किताबों का ठेका दिलाने के लिए डील करते हुए दिखाया गया था। इसमें निजी सचिव अपने हिस्से की मांग कर रहे थे। तीनों ही मंत्रियों को सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी तलब किया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं