हुबली. कर्नाटक के हुबली से करीब 30 किलोमीटर दूर मोराब गांव में एक महिला ने झील में कूदकर जान दे दी। इसके बाद से गांव के लोगों ने झील के पानी को पीने से मना कर दिया, क्योंकि महिला एचआईवी पॉजीटिव थी। लोकल अथॉरिटी ने लोगों को समझाने की बहुत कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके। लिहाजा, प्रशासन को 36 एकड़ फैली नहर का पूरा पानी निकाला जा रहा है, जिसे मालाप्रभा नहर से दोबारा भरा जाएगा। बता दें, ये झील ही इस इलाके में पानी का अकेला जरिया है।
लोगों ने ये पानी पीने से किया मना
- बीते 296 नवंबर को मोराब झील से एक महिला का शव मिला था। बाद में पता चला कि महिला एचआईवी से पीड़ित थी, जिसके चलते पानी के गंदा होने की अफवाह फैल गई।
- गांव के लोगों का कहना है कि पानी संक्रमित हो गया है और गांववालों ने इसे पीने और इस्तेमाल करने से मना कर दिया है। साथ ही ग्राम पंचायत और नावलगुंड तालुक प्रशासन से इसे खाली कराने को कहा है।
- प्रशासन की ओर से कहा गया कि पानी का टेस्ट किया जाएगा, उसके बाद इसे इस्तेमाल करें लेकिन प्रशासन की ये बात भी गांव के लोगों के समझ में नहीं आई।
- धारवाड़ डिस्ट्रिक्ट के लिए हेल्थ अफसर डॉ. राजेंद्र डोड्डामनि ने बताया कि लोगों से कहा गया है कि वो डरें नहीं क्योंकि एचआईवी पानी से नहीं फैसला है लेकिन लोग फिर भी नहीं मानें।
- उन्होंने बताया कि लोकल अथॉरिटी को मोराब झील खाली कराने का काम शुरू करना पड़ा। प्रशासन ने इसे खाली करने के लिए 20 साइफन ट्यूब और पानी की चार मोटरें लगाई हैं।
60 फीसदी झील खाली होना बाकी
- ग्रांम पंचायत सदस्य लक्ष्मण पाटिल ने बताया कि नहर का अभी 60 फीसदी हिस्सा खाली होना बाकी है। इस काम में कम से कम 5 दिन का वक्त लगेगा।
- उन्होंने बताया कि तालुक अथॉरिटी के अफसरों ने 6 दिसंबर तक सारा काम पूरा करने के लिए कहा है क्योंकि मालाप्रभा नहर 8 दिसंबर को बंद हो जाएगी, जबकि अभी झील में दोबारा पानी भरना बाकी ही है।
- बताया जा रहा है कि खाली झील को भरने में करीब एक और हफ्ते का वक्त लगेगा। नावलगुंड के तहसीलदार का कहना है कि अफसर बात करके मालाप्रभा नहर को 20 या 22 दिसंबर तक भरे रहने की इजाजत लेंगे।
- बता दें, ये झील नावलगुंडा तालुका इलाके की सबसे बड़ी झील है और पीने के पानी का अकेला जरिया है। गांव के लोग फिलहाल मालाप्रभा नहर तक 3 किमी चढ़ाई कर पानी लेने जा रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
0 टिप्पणियाँ