गांधी मैदान से आयकर गोलंबर तक दौड़ कल
पटना.दैनिक भास्कर के पटना उत्सव की शुरुआत 23 दिसंबर से हो रही है। उत्सव की पहली कड़ी के रूप में स्वच्छ शहर के लिए रन फॉर बिहार का आयोजन किया गया है। 23 दिसंबर को सुबह 6 बजे से गांधी मैदान के गेट नंबर 12 से आयकर गोलंबर तक दौड़ का आयोजन होगा। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। शहरवासियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए तय मार्गों पर पुलिस अधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। साथ ही वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है।
दौड़ का रूट
सुबह 6 बजे गांधी मैदान के गेट नंबर 12 से दौड़ की शुरुआत होगी। यहां से फ्रेजर रोड के पूर्वी लेन की बाईं तरफ से डाकबंगला चौराहा, कोतवाली टी, वोल्टास मोड़ होते आयकर गोलंबर तक जाएंगे। वापसी में आयकर गोलंबर से दाहिने फ्लैंक होते गांधी मैदान के गेट नंबर 12 तक पहुंचेंगे। सुबह 8 बजे गांधी मैदान के गेट नंबर 12 पर आकर दौड़ समाप्त हो जाएगी।
कल सुबह 6 से 8 बजे तक शहर के इन मार्गों से जाएं
दौड़ के दौरान गांधी मैदान से पटना जंक्शन और आयकर गोलंबर की ओर जाने वाले लोगों के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है। गांधी मैदान से स्टेशन की ओर जाने वाले वाहन करगिल चौक से बाकरगंज मोड़, रामगुलाम चौक, एग्जीबिशन रोड, भट्टाचार्या चौराहा, गोरियाटोली होते जाएंगे। इस दौरान वाहनों को पुन: इसी मार्ग से लौटना भी होगा। वहीं जेपी गोलंबर से आयकर गोलंबर की ओर जाने वाले वाहन फ्रेजर रोड के दाहिने फ्लैंक से ही जा सकेंगे।
यातायात की बेहतर व्यवस्था के लिए इन्हें दी गई प्रमुख जिम्मेवारी
दौड़ के दौरान यातायात की बेहतर व्यवस्था के लिए 23 से अधिक अधिकारियों को विभिन्न मार्गों पर लगाया गया है। इसके अलावा कुछ अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेवारी दी गई है। ट्रैफिक डीएसपी कुमार इंद्र प्रकाश अपने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे। साथ ही अपने मातहतों को समय-समय पर निर्देशित करेंगे। वहीं एसआई अयोध्या प्रसाद और यातायात थाना गांधी मैदान के प्रभारी अरुण कुमार को महत्वपूर्ण जिम्मेवारी दी गई है। इन अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि आयोजन के दौरान प्रतिबंधित मार्गों पर किसी प्रकार के वाहन प्रवेश न कर सके।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं