'कश्मीरी महिला को भारतीय जवानों ने बेरहमी से पीटा...' इस मैसेज के साथ वायरल हो रही है इस महिला की तस्वीर, लेकिन सच कुछ और ही है
नेशनल डेस्क. सोशल मीडिया पर इन दिनों एक महिला की फोटो शेयर की जा रही है, जिसके चेहरे पर चोट के निशान दिख रहे हैं। इस फोटो के साथ दावा किया जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सर्च ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेना ने इस महिला के साथ मारपीट की। इस फोटो को ज्यादातर पाकिस्तानी यूजर्स ही शेयर कर रहे हैं और इसके जरिए भारतीय सेना की छवि खराब की जा रही है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
वायरल पोस्ट में एक महिला की तीन फोटो हैं, जिसमें उनके चेहरे पर चोट के निशान दिख रहे हैं। इस पोस्ट के कई पाकिस्तानी यूजर्स ने शेयर किया है।इसे शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि "कश्मीर के शोपियां में भारतीय सेना और एसओजी की तरफ से चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान इस महिला के साथ बर्बरता की गई।"लोग दावा कर रहे हैं कि इस महिला का चेहरा भारतीय सेना की निर्दयता और क्रूरता दिखा रहा है।
सच क्या है :हमारी पड़ताल में सामने आया कि सोशल मीडिया पर जिस महिला की फोटो शेयर की जा रही है, वो असल में पश्तो सिंगर और एक्टर नीलम गुल हैं। नीलम के साथ उनके पति ने मारपीट की थी, जिसका एक वीडियो भी अगस्त में वायरल हुआ था। ये फोटो भी उसी वक्त की हैं।
क्यों झूठी है ये फोटो?
इस पोस्ट को 4 दिसंबर को ट्विटर यूजर @IrshadShabnum ने शेयर किया था और इसके नीचे कमेंट एक दूसरे यूजर @MyChunniMyRule ने इस फोटो को लेकर अलग दावा किया।@MyChunniMyRule ने एक स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए दावा किया ये 'पश्तो एक्ट्रेस नीलम गुल हैं।' इसके मुताबिक, नीलम गुल को उनके पति ने बड़ी ही बेरहमी से मारा है।इसी आधार पर हमने गूगल पर 'Neelam Gul Beaten by her Husband' लिखकर सर्च किया तो हमें एक 11 मिनट का एक वीडियो मिला।
- इस वीडियो में नीलम गुल ने अपने पति पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। इस वीडियो को यूट्यूब पर 2 अगस्त 2018 को अपलोड किया गया था। इसी वीडियो को नीलम गुल नाम के एक फेसबुक पेज पर भी इसी दिन अपलोड किया गया था।इस बारे में और ढूंढने पर हमें पाकिस्तान की कई न्यूज वेबसाइट की लिंक भी मिली। इसके मुताबिक, इसी साल अगस्त में पश्तो एक्ट्रेस और सिंगर नीलम गुल का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने अपने पति पर मारपीट करने का आरोप लगाया था।
नीलम गुल के मुताबिक उनके पति पिछले 7 साल से उनके साथ ऐसा ही बर्ताव कर रहे हैं और इससे तंग आकर वे अब एक्टिंग और सिंगिंग भी छोड़ रही हैं। अपने पति के अलावा उन्होंने अपने देवर पर भी मारपीट करने का आरोप लगाया था।
पाकिस्तानी मीडिया में क्या है : पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नीलम गुल अपने पति के साथ पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के मरदान जिले में रहती थीं। इससे पता चलता है कि सोशल मीडिया पर सही फोटो को गलत दावे के साथ शेयर कर भारतीय सेना को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। हमारी पड़ताल में सामने आया कि जिस महिला की फोटो को शेयर किया जा रहा है, वो नीलम गुल हैं और उनके साथ भारतीय सेना ने नहीं बल्कि उनके पति ने मारपीट की थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं