मंत्रिमंडल के गठन में अभी लग सकता है और वक्त
जयपुर.प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुए दस दिन गुजर गए हैं,लेकिन अभी तक सीएम अशोक गहलोत और डिप्टी सीएम सचिन पायलट के अलावा कांग्रेस सरकार में कौन-कौन मंत्री होगा, यह तय नहीं हुआ है। मंत्रिमंडल की शपथ ग्रहण को लेकर पहले 24 दिसंबर के दिन के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन जिस तरह से कांग्रेस में सीएम और डिप्टी सीएम के दो धड़े नजर आ रहे हैं, लगता नहीं कि 24 को शपथ ग्रहण समारोह हो पाएगा।
संभावना है कि मामला चार-पांच दिन और खिंच सकता है। कांग्रेस के ज्यादातर विधायक दिल्ली डेरा डाले हुए हैं। हर विधायक मंत्रिमंडल में हिस्सा बनने के लिए दौड़-धूप कर रहा है और अपने-अपने संपर्क साधने में लगा है। कहा जा रहा है कि गहलोत और पायलट में सत्ता संतुलन करने के लिए खुद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राजस्थान का मंत्रिमंडल तय करेंगे। हालांकि, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 17 दिसंबर को शपथ लेने के साथ ही एक्शन मूड में हैं। वे तीन बड़े फैसले कर चुके हैं।पहला फैसला 40 आईएएस अफसरों के ट्रांसफर करके ब्यूरोक्रेसी का चेहरा बदलने का किया, दूसरा फैसला किसानों की कर्जमाफी का और तीसरा फैसला गुरुवार को पुलिस के मुखिया सहित 17 आईपीएस के फेरबदल का।
जहां तक मंत्रिमंडल के गठन की बात की जाए तो पिछली सरकारों के ट्रेंड को देखने से पता चलता है कि जब भी कांग्रेस की सरकार आई मंत्रियों के चयन में थोड़ा वक्त लगा है। पिछली कांग्रेस सरकार में भी मंत्रिमंडल गठन में 11 दिन का समय लगा था। हालांकि 2013 में वसुंधरा सरकार में भी चुनाव परिणाम आने के 12 दिन बाद मंत्रिमंडल का गठन हुआ था। ऐसे में मंत्रिमंडल की देरी के मामले में गहलोत सरकार भी एक दिन बाद वसुंधरा राजे का रिकॉर्ड तोड़ देगी।
2013 में भाजपा ने लगाए 12 दिन, टूटेगा देरी का रिकॉर्ड
गहलोत सरकार : 2018
- मतदान : 7 दिसंबर
- परिणाम : 11 दिसंबर
- सीएम ने शपथ ली : 17 दिसंबर
- यानी चुनाव परिणाम के 10 दिन गुजर जाने के बाद भी मंत्रिमंडल का गठन नहीं
वसुंधरा सरकार: 2013
- मतदान : 1 दिसंबर 2013
- परिणाम : 8 दिसंबर 2013
- सीएम वसुंधरा ने शपथ ली : 13 दिसंबर 2013
- मंत्रिमंडल ने शपथ ली : 20 दिसंबर 2013
- 2 दिन बाद मंत्रिमंडल गठित
गहलोत सरकार : 2008
- मतदान : 4 दिसंबर 2008
- परिणाम : 8 दिसंबर 2008
- सीएम गहलोत ने शपथ ली :13 दिसंबर 2008
- मंत्रिमंडल ने शपथ ली :19 दिसंबर 2008
- यानी चुनाव परिणाम के 11 दिन बाद मंत्रिमंडल का गठन
वसुंधरा सरकार : 2003
- मतदान : 1 दिसंबर 2003
- परिणाम : 4 दिसंबर 2003
- सीएम वसुंधरा ने शपथ ली :8 दिसंबर 2003
- मंत्रिमंडल ने सीएम के साथ ही शपथ ली
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं