यूटिलिटी डेस्क। घर की पाइप लाइन चोक हो जाने की प्रॉब्लम आम होती है। खासकर, पानी हार्ड होने पर ये प्रॉब्लम हर महीने आने लगती है। पानी का प्रेशर भी कम हो जाता है। फिर पाइप लाइन साफ करने के लिए प्लम्बर को बुलाना पड़ता है। प्लम्बर की फीस और सफाई के लिए इस्तेमाल होने वाले प्रोडक्ट्स की कीमत मिलाकर ये काम खर्चीला हो जाता है। महीने में दो बार सफाई करवाने वालों के लिए ये खर्चा डबल हो जाता है। हालांकि, इस काम को बिना प्लम्बर की मदद के घर पर छोटी सी रकम खर्च करके भी कर सकते हैं। इसके लिए आपको करीब 20 से 40 रु की कीमत वाला हाइड्रोजन पेरोक्साइड खरीदना होगा।
इस बारे में IIT रुड़की से पीएचडी कर चुके जीवाजी यूनिवर्सिटी ग्वालियर के प्रोफेसर डीडी अग्रवाल ने बताया कि ब्लीचिंग पाउडर और हाइड्रोजन पेरोक्साइड की मदद से टैंक की सफाई के साथ उसमें मौजूद बैक्टीरिया को भी खत्म किया जा सकता है। हाइड्रोजन पेरोक्साइड हल्का नीले रंग का और पानी से थोड़ा गाढ़ा लिक्विड होता है। ये केमिकल बैक्टीरिया को मारकर गंदगी को काट देता है। इसे घरेलू सेनेटाइजर के तौर पर भी यूज किया जाता है।
पाइप लाइन सफाई में यूज होने वाले आइटम
1. 3 से 4 बड़ी बाल्टी बराबर पानी
2. 50 ग्राम ब्लीचिंग पाउडर
3. 1 छोटी बोतल हाइड्रोजन पेरोक्साइड (50% स्ट्रेंथ वाला)
ब्लीचिंग पाउडर और हाइड्रोजन पेरोक्साइड को किसी भी केमिस्ट की दुकान से आसानी से खरीद सकते हैं। इन्हें ऑनलाइन भी खरीदा जा सकता है। ये दोनों आइटम अधिकतम 100 रुपए के करीब आ जाते हैं।
पाइप लाइन साफ करने की प्रोसेस
> पाइप लाइन साफ करने के लिए सबसे पहले टैंक में सिर्फ 3 से 4 बड़ी बाल्टी बराबर पानी ही रखें। यदि पानी ज्यादा है तब उसे निकाल लें।
> अब पानी में छोटी बोतल हाइड्रोजन पेरोक्साइड और 50 ग्राम ब्लीचिंग पाउडर को डाल दें।
> फिर किसी डंडे की मदद से करीब 5 मिनट तक पानी को अच्छी तरह हिलाएं।
> इसके बाद, टैंक से जुड़े सभी नल को ओपन कर दें और पानी को बाहर निकालें।
> जैसे ही ब्लीचिंग पाउडर या गंदी से स्मेल आने लगे, नल को बंद कर लें। ये सभी नलों के साथ करना है।
> अब टैंक में जो सॉल्यूशन तैयार हुआ था वो सभी नलों तक पहुंच गया है। इसे पूरी रात नलों में रहने दें।
> सुबह उठकर आप सभी नलों को खोल दें, जिससे ये सॉल्यूशन बाहर निकल जाए।
> फिर टैंक में 200 से 300 लीटर साफ पानी भरें और उसे सभी नलों से बाहर निकलने दें।
> इससे टैंक और पाइप लाइन पूरी तरह साफ हो जाएगी। यानी उसमें सॉल्यूशन का अंश नहीं रह जाएगा।
> अब सभी नलों का प्रेशर पहले जैसा हो जाएगा। साथ ही, वायरस और बैक्टिरिया खत्म हो जाएंगे।
नोट : जब भी आप इस प्रोसेस से टैंक या पाइप लाइन साफ करें ,बच्चों को दूर रखें। इस बात का भी ध्यान रहे कि सॉल्यूशन वाला पानी कोई यूज न करें।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
0 टिप्पणियाँ