ठांय-ठांय की आवाज से बदमाशों को भगाने वाले सब-इंस्पेक्टर मुठभेड़ में जख्मी; खतरे से बाहर हालत
संभल. उत्तरप्रदेश केसंभल जिले में बदमाशों को भगाने के लिए ठांय-ठांय की आवाज निकालने वाले इंस्पेक्टर मनोज कुमार शुक्रवार को मुठभेड़ में जख्मी हो गए। गोलीबारी में सद्दाम नाम का एक बदमाश भी जख्मी हुआ है। दोनों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जहां खतरे से बाहर हालत बताई गई।सूचना पाकर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वॉण्टेड सद्दाम लूट, चोरी, हत्या के प्रयास जैसे 15 मुकदमों में वांछित है।
असमोली थाना पुलिस शुक्रवार की सुबह आलियानेकपुर गांव की तरफ गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस को एक बाइक पर दो लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने बाइक रोकने का इशारा किया, तो युवक भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायर करना शुरू कर दिया।
पुलिस फायरिंग में वॉण्टेड सद्दाम पुत्र साबिर निवासी गांव अशरफपुर फैजगंज थाना डिडौली अमरोहा के पैर में गोली लगी। दरोगा मनोज कुमार भी गोली लगने से जख्मी हो गए। एक बदमाश अकरम पुलिस को चकमा देकर भाग गया। पुलिस ने सद्दाम का तमंचा बरामद किया है।
अक्टूबर 2018 में मुंह से ठांय-ठांय आवाज निकाल कर आए चर्चा में :घायल सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार 12 अक्टूबर 2018 को संभल जिले में ही एक मुठभेड़ के दौरान चर्चा में आए थे। इंस्पेक्टर ने अपनी रिवॉल्वर से गोली नहीं चलने पर मुंह से ठांय-ठांय की आवाज निकाल कर बदमाशों को डरा कर भगाया था। इस घटना का वीडिया सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस को जंगल में बदमाशों के छिपे होने की सूचना मिली थी। पुलिस वहां गई और बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही पुलिस ने पिस्टल चलाई तो लाख कोशिश के बाद भी गोली नहीं चल सकी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं