सीबीआई आज एफआईआर दर्ज कर सकती है; पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत की जांच को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सीबीआई जांच के लिए केंद्र सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आज सीबीआई इस मामले में अपनी ओर से एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर सकती है। सीबीआई की टीम आज बिहार पुलिस से इस मामले से जुड़ी डिटेल ले सकती है।
उधर, मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की गई। इसमें सुशांत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत की जांच भी सीबीआई से कराने का निर्देश देने की मांग की गई है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुंबई स्थित अपने दफ्तर में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुशांत के घर के मैनेजर सैमुअल मिरांडा से पूछताछ की। मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को भी समन जारी किया गया है। उनसे शुक्रवार को पूछताछ हो सकती है।
बिहार के डीजीपी का बीएमसी पर निशाना
इस बीच पटना के एसपी विनय तिवारी को क्वारैंटाइन किए जाने पर बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने ट्वीट कर बीएमसी पर फिर निशाना साधा।
माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ये गम्भीर टिप्पणी की गयी हैकि बिहार के IPS विनय तिवारी को मुंबई में ज़बरदस्ती कोरंटिन किया जाना ग़लत है फिर भी BMC ने उन्हें अभी तक उन्हें मुक्त नहीं किया है.वे सुप्रीम कोर्ट की भी परवाह नहीं करते! अब इसको आप क्या कहेंगे??? अफ़सोस!
— IPS Gupteshwar Pandey (@ips_gupteshwar) August 5, 2020
याचिका में दावा- दिशा और सुशांत की मौत का आपस में संबंध
वकील विनीत ढांडा ने सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में दोनों मामलों के एक-दूसरे से जुड़े होने का हवाला दिया गया है। साथ ही मुंबई पुलिस को सालियन की मौत की जांच रिपोर्ट का रिकॉर्ड रखने का निर्देश देने की मांग भी की है। मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा गया कि उनकी केस फाइल गायब है या डिलीट कर दी गई है।
ढांडा ने सुप्रीम कोर्ट से गुजारिश की है कि इस केस की रिपोर्ट मांगी जाए। अगर जांच ठीक न लगे तो इस केस को भी सीबीआई को सौंपा जाए। मुंबई के मलाड में 14वीं मंजिल से गिरने के बाद 8 जून को दिशा सालियन की मौत हो गई थी। याचिका में कहा गया कि इसके एक हफ्ते बाद 14 जून को सुशांत सिंह ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली, जो संदेह पैदा करती है।
याचिका में तर्क दिया गया कि बिहार पुलिस ने डिलीट फोल्डर को दोबारा रिकवर करने में मदद की पेशकश की, लेकिन मुंबई पुलिस ने इजाजत नहीं दी।
दिशा के पिता ने कहा- किसी पार्टी में शामिल नहीं हुई थी बेटी
इस बीच मंगलवार को दिशा के पिता ने मुंबई पुलिस से शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी दिशा को बदनाम करने की साजिश हो रही है। अपनी शिकायत में उन्होंने ये भी कहा कि दिशा किसी तरह की पार्टी में शामिल नहीं हुई थीं और न ही उसके साथ दुष्कर्म हुआ था।
सोशल मीडिया में चल रहीं बातों को लेकर शिकायत
दिशा के पिता ने शिकायत में कहा कि कुछ लोग उनकी बेटी के बारे में सोशल मीडिया पर गलत बातें लिख रहे हैं। उनकी बेटी नेताओं के साथ किसी पार्टी में शामिल नहीं हुई थी। न ही उसके साथ रेप हुआ और न ही उसकी किसी ने हत्या की। दिशा के पिता ने कहा कि उन्हें मुंबई पुलिस की जांच पर पूरा भरोसा है। दिशा के पिता ने फेक खबर फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा
दिशा की फाइनल रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उनकी मौत सिर में चोट लगने और कुछ अप्राकृतिक चोटों की वजह से हुई है। मौत का मुख्य कारण डॉक्टरों ने दिशा का बिल्डिंग की 14वीं मंजिल से गिरना बताया था।
नारायण राणे ने आरोप लगाए थे
भाजपा के सांसद नारायण राणे ने आरोप लगाया था कि दिशा के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और उसके बाद उनकी हत्या की गई। उन्होंने ऑटोप्सी रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा था कि दिशा के गुप्तांग में चोट आई थी। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है।
सुशांत सुसाइड केस से जुड़ी यह खबरें भी पढ़ सकते हैं:-
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
source https://www.bhaskar.com/local/maharashtra/news/actor-sushant-singh-suicide-case-cbi-can-file-case-today-petition-in-supreme-court-for-investigation-of-former-manager-disha-salians-death-127590281.html
कोई टिप्पणी नहीं