अहमदाबाद में रोज 2 लाख मास्क बन रहे; यात्रियों को निकालने के लिए भारत-ईरान के बीच आज से विशेष विमान सेवा शुरू

नई दिल्ली/अहमदाबाद.देश में अब तक कोरोनावायरस से संक्रमण के30 मामले सामने आ चुके हैं। इससे बचाव को लेकर लोगसचेत होने लगे हैं। इन दिनों देश में मास्क की बिक्री में इजाफा हुआ है। अहमदाबाद में हर दिन दो लाख मास्क बनाए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में मेडिकल स्टोर्स पर मास्क की किल्लत हो गई है। स्टोर संचालकों ने इसके नोटिस दुकान के बाहर चस्पा किए हैं।उधर, अपने-अपने यात्रियों को निकालने के लिए भारत और ईरान के बीच शुक्रवार को विशेष विमान सेवा शुरू होगी।

अहमदाबाद के चांगोदर में सर्जिकल मास्क बनाने की फैक्टरी के टेक्निकल हेड आशीष कोटडिया के अनुसार सामान्य दिनों में यहां धूल के प्रदूषण से बचने के रोज 80 हजार मास्क बनाए जाते थे। किंतु अब उसे बनाना बंद कर दिया है। अब तो एंटी वायरस मास्क बनाने का काम शुरू कर दिया है।इसके अलावा अत्यंत सुरक्षित 25 हजार मास्क रोज बना रहे हैं। जिसे हम अत्यंत सुरक्षित मास्क समझते हैं, उसे एन 95 मास्क कहा जाता है। इसका उत्पादन रोज 25 हजार नग है। पहले यही मास्क महीने में 40 हजार ही बनते थे। 40 लोगों की टीम दो शिफ्ट में मास्क बनाने का काम कर रही है। हम अन्य राज्यों में भी मास्क की आपूर्ति करते हैं।

ईरान शुक्रवार को खाली विमान दिल्लीभेजेगा

ईरान के दूतावास ने गुरुवार को कहा कि अपने फंसे हुए यात्रियों को निकालने के लिए तेहरान और नई दिल्ली के बीच शुक्रवार से विशेष उड़ानें शुरू होंगी। ईरान में 2000 से ज्यादा भारतीय फंसे हुए हैं। ईरान का कहना है कि हम उन्हें भारतीय अधिकारियों की मंजूरी के बाद ही वापस भेज सकते हैं। वहीं, ईरान भी भारत से अपने नागरिकों को वापस ले जाएगा। इसके लिए वह शुक्रवार को एक खाली विमान दिल्ली भेजेगा।

राज्यमंत्री वी मुरलीधरण ने गुरुवार को कहा कि ईरान में फंसे भारतीय मछुआरों का स्वास्थ्य बेहतर हैं। उनकी आधारभूत जरूरतों का खयाल रखा जा रहा है। दूतावास उनके संपर्क में है।

इटली के पर्यटकों के संपर्क में आए सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव

इटली के पर्यटकाें के 26 सदस्यीय दल के संपर्क में आए राजस्थान के लाेगाें में से 247 की जांच की गई। इनमें से सभी की रिपाेर्ट निगेटिव आई है। इन पर्यटकों में दो संक्रमित थे। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के एसीएस रोहित कुमार सिंह ने यह जानकारी दी।इटली के 26 लाेगाें का दल भ्रमण के लिए आया था। यह दल झुंझुनूं, जैसलमेर, बीकानेर, उदयपुर, जोधपुर होते हुए 28 फरवरी काे जयपुर पहुंचा था।

इंदौर मेंआईफा अवॉर्ड का टलना तय

कोरोनावायरस फैलने के डर से इंदौर में 27 से 29 मार्च को होने वाला आईफा अवॉर्डटलना तय माना जा रहा है। आईफा की एक टीम शुक्रवार को भोपाल आ रही है, जो अंतिम फैसला लेगी। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने बड़े कार्यक्रमों को रद्द करने वाली गाइडलाइन जारी की है। इसे देखते हुए आईफा टीम कार्यक्रम को मई तक बढ़ाने पर विचार कर रही है। अब तक लगभग सभी बड़े होटल्स बुक हो गए हैं। करीब 5 हजार रूम बुक हैं। अकेले बॉलीवुड से ही 5 हजार लोग आने वाले हैं। कार्यक्रम को अभिनेता सलमान खान और रितेश देशमुख होस्ट करने वाले हैं।

इंदौर में 2 नए संदिग्ध

इंदौर में कोरोनावायरस के दो नए संदिग्ध मरीज सामने आए। पहला संदिग्ध 23 वर्षीय युवक है, जो दुबई से लौटा है। दूसरी मरीज इटली की 23 वर्षीय युवती है। वह गुरुवार को ही यहां आई। उसे जांच के लिए एमवायएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, शिक्षा विभाग ने परीक्षा देने वाले छात्रों को अलग बैठाने की गाइडलाइन जारी की है। साथ ही इंदौर-दुबई फ्लाइट की बुकिंग भी 30% तक घट गई है।

देश के 6 शहरों में मिले 30 कोरोनावायरस संक्रमित

  • केरल के 3 मरीज : ये चीन के वुहान से लौटे थे। इनमें फरवरी में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। अब ये पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।
  • दिल्ली का 1 मरीज : ये इटली से भारत लौटा था। इसका इलाज किया जा रहा है।
  • आगरा के 6 मरीज : इटली से दिल्ली लौटा संक्रमित व्यक्ति आगरा में अपने 6 रिश्तेदारों से मिला। इसलिए ये संक्रमित हुए।
  • तेलंगाना का 1 मरीज : ये भी इटली से लौटा था। इसके संपर्क में आए 88 मरीजों को निगरानी में रखा गया।
  • जयपुर के 17 मरीज : इनमें से 16 मरीज इटली से आए थे और राजस्थान के 6 जिलों में 8 दिन तक घूमे थे। एक भारतीय ड्राइवर इनके साथ था, जो इन्हें अलग-अलग जगहों पर लेकर गया था। इस तरह कुल 17 लोगों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। इनका दिल्ली में आईटीबीपी कैम्प में इलाज चल रहा है। इनमें से एक मरीज जयपुर के जिस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती था, वहां 60 अन्य मरीज भी थे। इन मरीजों को भी संक्रमण हो सकने के खतरे की वजह से अलग रखा गया है और निगरानी की जा रही है।
  • गुड़गांव का 1 मरीज : पेटीएम कंपनी का एक कर्मचारी संक्रमित पाया गया।
  • उत्तर प्रदेश में 1 मरीज: गाजियाबाद में एक कारोबारी में पुष्टि हुई है।


आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
मेट्रो में मास्क पहनकर यात्रा करते लोग।


source /national/news/2-lakh-masks-are-being-manufactured-daily-in-ahmedabad-india-iran-special-flight-to-evacuate-passengers-from-today-126921060.html

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.