बहराइच में नेपाली महिला समेत आठ संक्रमित मिले; दिल्ली-नोएडा बॉर्डर सील, मुरादाबाद में 35 पुलिसकर्मी क्वारैंटाइन
उत्तर प्रदेश में कोरोनावायरस का संक्रमण तेजी से अपने पांव पसार रहा है। बीते 24 घंटे 120 नए मरीज सामने आए। इसके बाद अब राज्य में संक्रमितों की संख्या 1457 पहुंच गई है। जबकि, 1584 संदिग्ध मरीजों को प्रदेश भर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया। राहत की बात है कि, 11 जिले कोरोना मुक्त हो चुके हैं। अब तक 173 मरीज ठीक होकर अस्पतालों से छुट्टी पा चुके हैं।
प्रदेश में 472 की रिपोर्ट आना बाकी
संक्रामक रोग विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. विकासेंदु अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश में सर्वाधिक 327 मरीज आगरा के हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर लखनऊ में 182 मरीज लखनऊ के हैं। इसी तरह गुरुवार को बहराइच में आठ नए रोगी सामने आए हैं। यूपी में 42192 लोगों के नमूने जांच के लिए लैब में भेजे जा चुके हैं और इसमें से 40255 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं 472 मरीजों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है। जबकि, प्रतापगढ़, पीलीभीत, हाथरस, प्रयागराज, महाराजगंज, बरेली, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, शाहजहांपुर, हरदोई और कौशांबी जिले को कोरोना मुक्त कर दिया गया है। प्रदेश में अब तक 21 लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हो चुकी है।
कोरोना अपडेट्स...
- मुरादाबाद:बीते 15 अप्रैल को मुरादाबाद जिले में कोरोना संक्रमित मृतक के परिवारीजनों को क्वारैंटाइन कराने गई स्वास्थ्य टीम पर हमला किया गया था। इस दौरान पुलिस ने 18 लोगों को हिरासत में लिया था। इनमें पांच लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद 35 पुलिसकर्मियों को क्वारैंटाइन कर दिया गया गया है। सीएमओ डॉक्टर एमसी गर्ग ने बताया कि, पुलिसकर्मियों को अलग अलग होटलों में क्वारैंटाइन किया गया है।
- गौतमबुद्धनगर:दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पूरी तरह से सील कर दिया गया है। आपातकालीन सेवाओं से जुड़े लोगों के अलावा कोई भी वाहन को आवागमन की अनुमति नहीं दी जा रही है। बता दें कि, 20 अप्रैल के बाद लॉकडाउन में सशर्त छूट दिए जाने के बाद यहां तमाम लोग सड़कों पर निकल पड़े थे। जिससे बॉर्डर पर जाम की स्थिति पैदा हो गई थी। जिसका संज्ञान लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बॉर्डर को पूरी तरह से सील करने का निर्देश दिया था।
- बहराइच:जिले में गुरुवार को कोरोनावायरस के 8 टेस्ट पॉजिटिव पाए गए हैं। डीएम ने अफसरों के साथ आपात कालीन बैठक की है। इन संक्रमितों में से 6 को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबकि, 1 को शेल्टर होम और 1 को घर पर आइसोलेट किया गया है। संक्रमितों में एक नेपाली महिला भी शामिल है।
- आगरा: जिले में लगातार बढते कोरोना के मामलों ने प्रशासन के साथ-साथ शहर वासियों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार देर शाम कोराना के 19 नए मामले आने के बाद यहां संक्रमित मरीजों की संख्या 327 हो गई है। बताया जा रहा है कि, इनमें कई सब्जी वाले संक्रमित शामिल हैं। यहां सब्जी, दूध, दवा और एंबुलेंस कर्मी के कोराना पॉजिटिव मिलने से प्रशासन के साथ-साथ आमजन को भी चिंता में डाल दिया है।
- वाराणसी: लॉकडाउन के दौरान जनसामान्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए वाराणसी शहर में विद्युत उपकरणों की खरीद एवं मरम्मत कार्य के लिए विभिन्न क्षेत्रों के कुल 65 दुकानों को चिन्हित किया गया है। इन दुकानों से होम डिलीवरी के रूप में विद्युत उपकरणों के साथ-साथ घरों पर इलेक्ट्रीशियन भेज कर विद्युत उपकरण के साथ ही विद्युत मरम्मत का कार्य भी कराएंगे।
तीन नई लैब खोलने के लिए 13 करोड़ रुपए रिलीज
योगी सरकार ने अलीगढ़, मुरादाबाद और सहारनपुर में मालीक्युलर लैब खोलने 13 करोड़ रुपए कोविड केयर फंड से रिलीज किया है। प्रत्येक लैब के निर्माण पर 4.50 करोड़ रुपए खर्च होगा। इससे पहले 12 लैब खोलने के लिए 54 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है। पहले से 15 लैब में जांच हो रही हैं।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
source /national/news/coronavirus-news-uttar-pradesh-live-updates-corona-cases-agra-noida-meerut-lucknow-varanasi-lockdown-latest-today-news-127226779.html
कोई टिप्पणी नहीं