हैरी-मेगन अपने नाम में शाही उपाधि का इस्तेमाल नहीं करेंगे, घर के रेनोवेशन में खर्च किए 22 करोड़ भी लौटाएंगे
लंदन. ब्रिटेन के राजकुमार प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन ने शाही उपाधि का इस्तेमाल न करने का फैसला किया है। इसके साथ ही दोनों को अब राजपरिवार के लिए मिलने वाले पब्लिक फंड्स में हिस्सा नहीं मिलेगा। इसके अलावा वे किसी भी देश में महारानी एलिजाबेथ के प्रतिनिधि नहीं होंगे। महारानी के आधिकारिक महल बकिंघम पैलेस की ओर से शनिवार को यह ऐलान किया गया। इसमें बताया गया कि प्रिंस हैरी और मेगन ने अपने फ्रॉगमोर कॉटेज को रेनोवेट करने के लिए जो 24 लाख पाउंड (22 करोड़ रुपए) खर्च किए थे, वे उसे भी लौटाएंगे। यह सभी बदलाव इस साल फरवरी-मार्च से लागू होंगे।
महारानी की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया- “महीनों तक चली बातचीत और चर्चा के बाद मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमने मेरे पोते (प्रिंस हैरी) और उनके परिवार के लिए रचनात्मक और सहयोग देने का रास्ता चुन लिया है। हैरी, मेगन और आर्ची हमारे परिवार के सबसे प्यारे सदस्य रहेंगे। मैं दोनों की उन चुनौतियों को भी समझती हूं, जिनकी वजह से उन्हें पिछले दो साल से लगातार मीडिया की जांच से गुजरना पड़ रहा था। हम उनके स्वतंत्र जिंदगी जीने के फैसले का समर्थन करते हैं।”
महारानी ने आगे कहा, “ड्यूक ऑफ ससेक्स प्रिंस हैरी और डचेज ऑफ ससेक्स मेगन अब अपने नाम के साथ ‘हिज/हररॉयल हाइनेस’ की उपाधि इस्तेमाल नहीं करेंगे।” हालांकि, महारानी के बयान में यह नहीं बताया गया कि आगे दोनों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए जाएंगे।”
10 दिन पहले किया था शाही पद की वरिष्ठता छोड़ने का ऐलान
हैरी और मेगन ने 10 दिन पहले ही राजपरिवार की ओर से मिली वरिष्ठता छोड़ने का ऐलान किया था। हैरी और मेगन ने गुरुवार को अपनी वेबसाइट और इंस्टाग्राम पर कहा कि वे शाही परिवार के 'वरिष्ठ' सदस्य के पद से अलग हो रहे हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए योजना बना रहे हैं। प्रिंस हैरी और मेगन की शादी मई 2018 में हुई थी। तब इनकी शादी में जनता के 3.2 करोड़ पाउंड करीब (297 करोड़ रुपए) खर्च हुए थे। इसके अलावा हाल ही में दोनों ने विंडसर पैलेस स्थित अपने घर के रेनोवेशन में ही 24 लाख पाउंड (करीब 22 करोड़ रु.) लगा दिए थे।
यूके और उत्तरी अमेरिका में बड़ा होगा बेटा
हैरी और मेगन ने इंस्टाग्राम पर लिखा था कि कई महीनों तक विचार करने और आपसी बातचीत के बाद हमने यह फैसला किया। उन्होंने लिखा, “यह फैसला शाही परिवार में नई परंपरा की शुरुआत होगी। हम अपना आगे का समय महारानी की सेवा में रहते हुए यूके और उत्तरी अमेरिका में बिताएंगे। हमें अपने शाही परिवार की परंपराओं की कद्र करते हुए बेटे को बड़ा करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा हमें अपने परिवार के अगले अध्याय और नए चैरिटी शुरू करने के बारे में सोचने का मौका मिलेगा।”
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
source https://www.bhaskar.com/international/news/britains-prince-harry-and-meghan-to-give-up-royal-titles-will-repay-public-funds-used-to-renovate-house-126553946.html
कोई टिप्पणी नहीं