सांगली में रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान नाव डूबी, 12 लोगों की मौत; 30 लोग थे सवार
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
सांगली. महाराष्ट्र के सांगली जिले मेंबाढ़ग्रस्त इलाके से लोगों को सुरक्षित स्थान पर लेकर जा रही एक नाव पलट गई। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। नाव में करीब 30 लोग सवार थे। पुणे के संभागीय आयुक्त दीपक मैस्कर ने बताया कि 16 लोगों को बचा लिया गया है। बाकी की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना ब्रहमनाल इलाके में हुई है। नाव में सवार सभी लोग एक स्कूल में फंसे हुए थे और उन्हें स्कूल से निकाल कर सुरक्षित स्थान पर ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। माना जा रहा है कि क्षमता से अधिक लोग नाव पर सवार थे और यह गहरे पानी में डूबी है।मरने वालों में पांच महिलाएं, 3 पुरुष और चार बच्चे शामिल है।
ऐसे हुई दुर्घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह एक मोटरबोट थी और इसके पंखे में रस्से फंसने के कारण यह अचानक रुक गई। तेज रफ्तार में मोटर रुकने के कारण यह पलट गई और इसमें सवार कई लोग पानी में डूब गए।
सांगली आने वाले हैं मुख्यमंत्री
गुरुवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कोल्हापुर, सातारा, सांगली के बाढ़ग्रस्त दौरे के लिए कुछ देर पहले निकले हैं। दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद माना जा रहा है कि वे यहां आ सकते हैं।
सांगली में पिछले 6 दिनों से लगातार बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।यहां एनडीआरएफ और सेना के जवान 50 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाल चुके हैं।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं