मध्यप्रदेश-केरल समेत 9 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, कोच्चि एयरपोर्ट 3 दिन के लिए बंद
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
तिरुवनंतपुरम/बेंगलुरु.मध्यप्रदेश, केरल और महाराष्ट्र समेत कई हिस्से बारिश और बाढ़ से बेहाल हैं। भारी बारिश के चलते केरल में कोच्चि एयरपोर्ट को रविवार दोपहर 3 बजे तक बंद करना पड़ा है। राज्य में 22 हजार से ज्यादा लोग राहत शिविरों में पहुंचाए गए। सरकार ने शुक्रवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी। केरल के 8 और कर्नाटक के 15 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कर्नाटक और महाराष्ट्र समेत 9 राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है।
कर्नाटक:बारिश के चलते 30 में से 15 जिलों में बाढ़ के हालात हैं। कर्नाटक में 44 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। राज्य में 44 हजार लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। कृष्णा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 7 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। यहां अति वर्षा होने का अनुमान है। दूसरी ओर, तमिलनाडु में 100 परिवारों को रेस्क्यू किया गया है। ओडिशा में 13 ट्रेनें रद्द की गई हैं।
केरल:केरल के 8 जिलों में बाढ़ की स्थिति है। इन जिलों में 22 हजार से ज्यादा लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया। भारी बारिश के चलते कोच्चि एयरपोर्ट में पानी भर गया। रविवार दोपहर 3 बजे तक उड़ानें रोकी गईं। कोच्चि का प्राचीन शिव मंदिर डूब गया। यहां पर फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू टीम बुलानी पड़ी। मानसून सीजन में राज्य के 29 लोगों की जान गई।
महाराष्ट्र:यहां के 5 जिलों में गुरुवार को भारी बारिश से हुए हादसों में 25 लोगों की मौत हो गई। सांगली में 11, सातारा में 7, पुणे में 4, कोल्हापुर में 2 और सोलापुर में 1 व्यक्ति की जान गई। सांगली में 9 लोगों की मौत बाढ़ग्रस्त इलाके से सुरक्षित स्थान पर जाते समय हुई। उनकी नाव पलट गई थी। सांगली में इस साल सामान्य से 630% ज्यादा बारिश हो चुकी है। बाढ़ग्रस्त इलाकों से करीब 1.35 लाख लोगों को रेस्क्यू किया गया है। यहां 36 रेस्क्यू टीमें लगाई गई हैं।
6 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, केरल, कर्नाटक और महाराष्ट्र में बहुत भारी बारिश और गोवा, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही पूर्वोत्तर, मध्य और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर क्षेत्रों में हवाएं 50 किमी की रफ्तार से चलने का अनुमान जताया है।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

कोई टिप्पणी नहीं