मोदी ने कहा- जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर हमने सरदार पटेल का सपना पूरा किया

आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवारको स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छठवीं बार लाल किले पर तिरंगा फहराया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी देश के लिए जिन्होंने योगदान दिया है, उन सभी को भी नमन। आजादी के लिए जिन्होंने जवानी दी, जेल में जिंदगी काटी, पूज्य बापू के नेतृत्व में देश ने आजादी पाई। बलिदान देने वाले सभी को आदरपूर्वक नमन करता हूं। आज रक्षा बंधन भी है। पावन पर्व आज सभी भाई बहनों के लिए स्नेह से भरा हो। आशा और आकांक्षाओं को पूर्ण करनेवाला हो।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर हमने सरदार पटेल का सपना पूरा किया।हम पूरे समर्पण के साथ आपकी सेवा में समर्पित हैं। अनुच्छेद 370 का हटना, तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाना और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने जैसे कदम उठाए किसानों के लिए पेंशन योजना शुरू की है। देश में जल संरक्षण की जरूरत है। इसके लिए जल शक्ति मंत्रालय बनाया। बच्चों के साथ अपराध को सहन नहीं किया जा सकता है। इसे रोकने लिए कानून कड़ा किया। 2019 के बाद का वक्त देश की आकांक्षाओं को पूरा करने का है।

मोदी चौथे नंबर पर पहुंचे

इसी के साथ इस मुगलकालीन किले पर मोदी सबसे ज्यादा बार ध्वजारोहण करने के मामले में वे चौथे नंबर पर भी पहुंच गए। अटल बिहारी वाजपेयी (6) के बाद मोदी यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे गैर-कांग्रेसी नेता होंगे। पहले नंबर पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू हैं, जिन्होंने 17 बार लाल किले से झंडा फहराया। दूसरे नंबर पर इंदिरा गांधी हैं, जिन्हें 16 बार यह मौका मिला। 10 मौकों के साथ मनमोहन सिंह तीसरे स्थान पर हैं।


मोदी के 5 सालों के भाषण पर नजर:

2014:
मोदी का पहला स्वतंत्रता दिवस भाषण सरकार बनने के 100 दिनों के अंदर ही दिया। 65 मिनट के इस भाषण में उन्होंने संविधान निर्माताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इसी वजह से एक गरीब परिवार का बेटा प्रधानमंत्री बन सका। मोदी ने लाल किले से अपने पहले भाषण में ही स्वच्छ भारत अभियान और जनधन योजना का ऐलान किया। इसके अलावा कौशल विकास के लिए 'स्किल इंडिया' और घरेलू उत्पादन को बढ़ाने के लिए 'मेक इन इंडिया' योजना का भी ऐलान हुआ।

2015:
स्वतंत्रता दिवस पर अपने दूसरे भाषण में मोदी ने करीब 34 बार टीम इंडिया शब्द का इस्तेमाल किया। इस बार उनका भाषण करीब 86 मिनट लंबा चला। इसमें उन्होंने जनधन योजना के प्रदर्शन की तारीफ की। साथ ही गरीबों के लिए कई अन्य योजनाओं का ऐलान किया। उन्होंने कृषि मंत्रालय का नाम बदलकर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय कर दिया। इसके अलावा उन्होंने स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 'स्टार्टअप इंडिया' स्कीम की शुरुआत की। भाषण के खात्में में उन्होंने 2022 तक हर व्यक्ति के लिए घर और बिजली का वादा किया।

2016:
96 मिनट का प्रधानमंत्री ने लोगों से स्वराज से सुराज्य की तरफ बढ़ने की बात कही। मोदी ने सरकारी व्यवस्थाओं में तेजी लाने का जिक्र किया और बताया कि अब टैक्स रिफंड महज एक से तीन हफ्ते में लौटा दिए जाते हैं। सड़क निर्माण और रिन्यूएबल एनर्जी में भी उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इसके अलावा उन्होंने देशभर में दो करोड़ शौचालय और 10 हजार गांवों के विद्युतीकरण की जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने महिलाओं के लिए उज्ज्वला योजना का ऐलान किया। इसके अलावा महिलाओं के लिए मैटरनिटी लीव को बढ़ाकर 26 हफ्ते करने की भी घोषणा की।

मोदी ने जीएसटी को देश को मजबूती देने वाला सिस्टम बताया। उन्होंने पहली बार बलूचिस्तान, गिलगित और पीओके के लोगों की शुभकामनाओं के प्रति भी आभार जताया। प्रधानमंत्री ने माओवादी युवाओं से हथियार छोड़ने की अपील की।

2017:
मोदी का स्वतंत्रता दिवस पर चौथा भाषण थोड़ा छोटा रहा। 56 मिनट के इस भाषण में पहली बार उन्होंने 'न्यू इंडिया' विजन का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब लोगों को 'चलता है' का रवैया छोड़कर 'बदल सकता है' का रवैया अपनाना चाहिए। उन्होंने एक बार फिर जनधन योजना, गांवों में विद्युतीकरण में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही बेनामी संपत्तियों के विरुद्ध की गईं कार्रवाइयों का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कश्मीर की समस्या का समाधान कश्मीरी लोगों को गले लगाकर ही किया जा सकता है। उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ इमिनेंस स्कीम का भी ऐलान किया। इसके तहत देशभर में 20 संस्थानों को विश्व स्तरीय बनाया जाना है।

2018:
करीब 83 मिनट लंबा चला प्रधानमंत्री का यह भाषण उनके पहले कार्यकाल का आखिरी संबोधन था। इसे उनकी सरकार का रिपोर्ट कार्ड भी कहा गया। उन्होंने भाषण में 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक के अलावा जीएसटी, स्वच्छ भारत अभियान और भारतीय पासपोर्ट की मजबूती की बात की। इसके अलावा उन्होंने नॉर्थईस्ट में सरकार द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने सरकार की आयुष्मान भारत-नेशनल हेल्थ प्रोटेक्शन स्कीम (एबी-एनएचपीएस) शुरू करने का ऐलान किया। इसके तहत करीब 10 करोड़ गरीब परिवारों को 5 लाख रुपए सालाना स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा। उन्होंने संसद में तीन तलाक बिल पेश करने का भी भरोसा दिया। मेघालय और त्रिपुरा के राज्यों से अफ्सपा हटाने पर भी बात की थी।

DBApp



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
73rd Independence Day: Prime Minister Narendra Modi hosts Tricolour and Speech at Red Fort News and updates

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.