भारत-वेस्टइंडीज तीसरा मैच थोड़ी देर में, टीम इंडिया विंडीज के खिलाफ लगातार 9वीं सीरीज जीतने उतरेगी
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
खेल डेस्क.भारत-वेस्टइंडीज के बीच तीन वनडे की सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच बुधवार को पोर्ट ऑफ स्पेन (त्रिनिदाद) में खेला जाएगा। पहला मैच गुयाना में बारिश के कारण रद्द हो गया था। दूसरे मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 59 रन हराया था। टीम इंडिया सीरीज में 1-0 से आगे है। वह तीसरा मैच जीतकर सीरीज 2-0 से अपने नाम करना चाहेगी। भारतीय टीम अगर यह मैच जीत लेती है तो वह विंडीज के खिलाफ लगातार 9वीं सीरीज जीत जाएगी। उसे पिछली बार सीरीज में हार 2006 मिली थी।
भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले चार मुकाबलों में जीती है। उसे पिछली बार 27 अक्टूबर 2018 को पुणे में जीत मिली थी। पोर्ट ऑफ स्पेन में टीम इंडिया वेस्टइंडीज के खिलाफ 13 साल से नहीं हारी। उसे पिछली बार 28 मई 2006 को हार का सामना करना पड़ा था। उसके बाद दोनों टीमों के बीच यहां 6 मुकाबले खेले गए। इनमें 5 भारत जीता। एक मैच में नतीजा नहीं निकला।
विंडीज में भारतीय टीम अब तक 4 सीरीज जीती
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 19 सीरीज खेले गए। इनमें भारतीय टीम 11 में जीती। विंडीज को 8 सीरीज में सफलता मिली। वेस्टइंडीज अपने होमग्राउंड पर 13 साल से भारत के खिलाफ कोई सीरीज नहीं जीत सका। दोनों के बीच विंडीज में अब तक कुल 8 सीरीज हुए। भारत ने 4 और वेस्टइंडीज ने भी 4 सीरीज अपने नाम किए। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 129 मैच खेले गए। इनमें वेस्टइंडीज 62 और भारत 61 में जीत दर्ज कर सका। 2 मैच टाई रहे। 4 मुकाबलों में नतीजा नहीं निकला।
कुलदीप तोड़ सकते हैं शमी का रिकॉर्ड
कुलदीप ने 53 वनडे में 96 विकेट लिए। उनके पास मोहम्मद शमी के सबसे तेज 100 विकेट लेने का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। शमी ने 55 मैच में 100 विकेट लिए थे। हालांकि, पिछले 20 वनडे में कुलदीप का प्रदर्शन ठीक नहीं रहा है। इस दौरान उन्होंने 29 विकेट लिए। इससे पहले शुरुआती 33 मैच में उन्होंने 67 विकेट लिए थे।
दोनों टीमें
भारत :विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडेय, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, केदार जाधव, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, खलील अहमद, नवदीप सैनी।
वेस्टइंडीज :जेसन होल्डर (कप्तान), क्रिस गेल, जॉन कैम्पबेल, इविन लुईस, शाई होप, शिमरॉन हेटमायर, निकोलस पूरन, रोस्टन चेज, फैबियन एलेन, कार्लोस ब्रैथवेट, कीमो पॉल, शेल्डन कॉटरेल, ओशेन थॉमस, केमार रोच।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं