बजरंग पूनिया को खेल रत्न पुरस्कार मिलेगा, एशियन और कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण जीता था
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
खेल डेस्क. कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुके रेसलर बजरंग पूनिया को इस साल राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा। यह अवॉर्ड खेलों में दिया जाने वाला भारत का सर्वोच्च सम्मान है। पिछले साल विराट कोहली और वेटलिफ्टर मीराबाई चानू को यह अवॉर्ड मिला था। 12 सदस्यीय चयन समिति ने दो दिन की बैठक के पहले दिन शुक्रवार को बजरंग के नाम पर मुहर लगाई। चयन समिति में पूर्व फुटबॉलर बाईचुंग भूटिया और बॉक्सर मैरीकॉम शामिल हैं।
ऐसा माना जा रहा है कि चयन समिति शनिवार को किसी अन्य खिलाड़ी के नाम भी घोषणा इस अवॉर्ड के लिए कर सकती है। अर्जुन अवॉर्ड और द्रोणाचार्य अवॉर्ड विजेताओं के नाम का भी चयन हो सकता है। भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने अवॉर्ड के लिए बजरंग के साथ महिला रेसलर विनेश फोगाट के नाम की भी सिफारिश की थी।
'मेरे पास इस पुरस्कार के लिए उपलब्धियां थीं'
बजरंग ने न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा, 'मेरे पास इस पुरस्कार के लिए उपलब्धियां थीं। मैंने हमेशा कहा है कि पुरस्कार सबसे योग्य लोगों को दिया जाना चाहिए। मैं बहुत खुश हूं कि मुझे खेल रत्न के लिए चुना गया। मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि वर्ल्ड चैम्पियनशिप और टोक्यो ओलिंपिक (2020) में पदक जीतकर आऊंगा।'
बजरंग ने वर्ल्ड चैम्पियनशिप में दो पदक जीते थे
बजरंग ने पिछले साल जकार्ता में खेले गए एशियन गेम्स में 65 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। 2014 इंचियोन एशियन गेम्स में उन्हें रजत पदक मिला था। पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। उससे पहले 2014 (ग्लास्गो) में रजत पदक जीते थे। बजरंग 2013 वर्ल्ड चैम्पियशिप में कांस्य और 2018 में रजत पदक जीते थे। एशियन चैम्पियनशिप में उनके नाम दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक हैं।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं