पाक पत्रकारों ने पूछा- दोनों देशों के बीच बातचीत कब शुरू होगी, भारतीय राजदूत बोले- आपसे ही शुरुआत करता हूं
आदित्या लोक, स्पेशल करोस्पोंडेंट:
न्यूयॉर्क. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएनसी) की शुक्रवार को गुप्त बैठक हुई। इसमें भारत ने साफ कर दिया कि कश्मीर हमारा आंतरिक मामला है। अगर पाकिस्तान को बातचीत शुरू करनी है तो आतंकवाद पर लगाम लगाए। इसके बाद यूएन में भारत के प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने मीडिया ब्रीफिंग की। इसमें पाक के 3 पत्रकार मौजूद थे। इससे पहले चीन और पाक के प्रतिनिधि मीडिया से मुखातिब हो चुके थे।
अकबरुद्दीन ने सबसे पहले पाक पत्रकारों को ही सवाल पूछने को कहा। एक पत्रकार ने कहा, ''भारत की पाकिस्तान के साथ बातचीत कब शुरू होगी?'' इस पर अकबरुद्दीन पोडियम से नीचे उतरकर पाक पत्रकारों के पास गए। उनसे हाथ मिलाते हुए अकबरुद्दीन ने कहा, ''इसकी (बातचीत की) शुरुआत मैं आपसे ही करता हूं।'' ब्रीफिंग हॉल में मौजूद सभी लोगों ने अकबरुद्दीन के इस कदम का स्वागत किया।
'हम शिमला समझौते के लिए प्रतिबद्ध'
अकबरुद्दीन ने पोडियम की तरफ लौटते हुए कहा, ''हम दोस्ती के लिए अपना हाथ पहले ही बढ़ा चुके हैं। हम शिमला समझौते को लेकर प्रतिबद्ध हैं। अब हम पाकिस्तान की तरफ से जवाब का इंतजार कर रहे हैं।''
इससे पहले पाक पत्रकार ने पूछा था कि दोनों पड़ोसियों के बीच कोई संपर्क नहीं है। भारत, पाक का निवेदन का जवाब क्यों नहीं देता। इस पर अकबरुद्दीन ने कहा, ''बातचीत शुरू करने के लिए आतंकवाद खत्म कीजिए। पाक जो रवैया अख्तियार कर रहा है, वह जमीनी सच्चाई से काफी दूर है। पाक जिहाद और आतंकवाद को बढ़ावा देता है।''
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोई टिप्पणी नहीं