लोकसभा चुनाव: जदयू ने तय कर लीं अपने हिस्से की सीटें, एनडीए की बैठक में होगी चर्चा
पटना.लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले जदयू ने अपने हिस्से की सीटों का चयन कर लिया है। चुनाव की तिथियों की घोषणा हो जाने के बाद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष रामविलास पासवान की बैठक होगी। इसमें अंतिम तौर पर तीनों दलों के बीच सीटों के नाम पर मुहर लगेगी।
भाजपा, जदयू और लोजपा के बीच सीटों के बंटवारे का फाॅर्मूला 17:17:6 का है। जदयू ने जो सीटें अपने हिस्से में रखी हैं, फिलहाल उसमें से 14 सीटों पर भाजपा ने लोकसभा का पिछला चुनाव लड़ा था। वहीं 1 सीट लोजपा की है। इनमें दो-तीन सीटों पर पेच फंस सकता है। इस बात के भी आसार हैं कि सीटों के चयन के लिए होने वाली बैठक में एक-दो सीटों के नाम बदल सकते हैं।
पाटलिपुत्र, बक्सर व मुंगेर पर फंस सकता है पेच
जदयू के पास लोकसभा की फिलहाल नालंदा और पूर्णिया सीट है। सूत्रों के अनुसार इन दोनों सीटों के साथ जदयू ने भाजपा व रालोसपा के खाते वाली पाटलिपुत्र, जहानाबाद, काराकाट, औरंगाबाद, बक्सर, वाल्मीकिनगर, सीतामढ़ी, दरभंगा, बांका, किशनगंज, झंझारपुर, सुपौल, मधेपुरा और गोपालगंज पर अपना दावा ठोंकने का मन बनाया है। इसमें से पाटलिपुत्र की सीट से भाजपा सांसद रामकृपाल यादव फिलहाल केंद्रीय मंत्री हैं। बक्सर के भाजपा सांसद अश्विनी कुमार चौबे भी केंद्रीय मंत्री हैं। वहीं लोजपा की मुंगेर सीट पर भी जदयू ने अपनी दावेदारी पेश करने का फैसला लिया है। यहां से वीणा देवी लोजपा की सांसद हैं। सूत्रों के अनुसार नवादा की सीट लोजपा के खाते में जा सकती है। वहां से भाजपा के सांसद गिरिराज सिंह फिलहाल केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य हैं।
लोजपा के हिस्से जाने वाली सीटें
नवादा, वैशाली, समस्तीपुर, हाजीपुर, खगड़िया और जमुई।
भाजपा के खाते में जाने वाली सीटें
अररिया, पटना साहिब, कटिहार, गया, आरा, भागलपुर, बेतिया, मोतिहारी, शिवहर, उजियारपुर, मधुबनी, छपरा, महाराजगंज, सीवान, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर और सासाराम।
सभी 40 लोस क्षेत्रों के लिए अलग-अलग टीम बनाएगी भाजपा
भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए सभी क्षेत्रों में अलग-अलग टीम बनाकर अपनी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने लोकसभा क्षेत्रवार प्रभारी से लेकर विस्तारकों की तैनाती कर दी है। इसके अलावा जनसंपर्क अभियान के लिए भी टीम बनाई गई है। पार्टी लोकसभा क्षेत्रों में माइक्रो बूथ मैनेजमेंट के तहत हर मतदाता से वन टू वन संपर्क करेगी। उन्हें केंद्र की कल्याणकारी और विकास योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। उनके सवालों और संशयों को भी दूर किया जाएगा।पार्टी लोकसभा क्षेत्रवार नयी रणनीति के तहत काम कर रही है। जबतक सीटों का बंटवारा नहीं हो जाता, इसी के तहत काम होगा।
साथी पार्टियों के लिए भी शिद्दत से काम करेगी भाजपा
भाजपा योजना के तहत साथीएनडीए उम्मीदवारों केलिए भी काम करेगी। जहां सीट उसे मिली वहां तो वह अपने उम्मीदवार के लिए काम करेगी ही,लेकिनजो सीट सहयोगी दलों को मिलेगी वहां वह उनके लिए उसी शिद्दत से काम करेगी। लक्ष्य हर हाल में वहां से एनडीए की जीत है। एनडीए में सीटों के बंटवारे के तहत भाजपा को 17 सीटें मिली हैं, जबकि जदयू और लोजपा को 17 और 6 सीटें दी गई हैं। पर, सीटों के नाम अभी तय नहीं किये गये हैं। सीटों के नाम तय करने के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की जल्द बैठक होगी। उधर, पार्टी सीटों के नाम तय होने के पहले अपने पदाधिकारियों को गांव-पंचायतों में भेज दिया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं