बच्चों को ताले में बंद करके काम पर गई थी महिला, जब वापस आकर देखा तो दोनों बच्चे मिले बेहोश, थोड़ी देर बाद एक की चली गई जान
नेशनल डेस्क. बेंगलुरु में हुई एक दर्दनाक घटना में घर में अकेले सो रहे दो बच्चों का दम सिलेंडर लीकेज होने की वजह से घुट गया। इस हादसे में जहां एक बच्चे की मौत हो गई वहीं दूसरा बच्चा फिलहाल हॉस्पिटल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। घटना के वक्त बच्चों की मां उन्हें ताले में बंद करके काम पर गई हुई थी, जब वो लौटकर आई तो उसे इस हादसे का पता चला। पुलिस ने इस मामले में सिलेंडर सप्लाई करने वाली निजी गैस एजेंसी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बच्चों को ताले में बंद करके जाती थी महिला...
- ये घटना शुक्रवार सुबह बेंगलुरु के ज्योति नगर इलाके में हुई। जहां पर कल्पना उर्फ कलावती नाम की महिला अपने दो बच्चों समीर (13) और सहिर (5) के साथ रहती है। नेपाली मूल की इस महिला के पति की मौत पहले ही हो चुकी है, और वो घरेलू कामकाज करते हुए अपना परिवार चलाती है।
- कल्पना रोज की तरह शुक्रवार को भी सुबह 6 बजे दोनों बच्चों को घर में सोता हुआ छोड़कर और घर में ताला लगाकर कामकाज के लिए निकल गई थी। अकेले होने की वजह से बच्चों की देखभाल का दूसरा कोई तरीका नहीं था।
- घर से निकलने के बाद वो सुबह 8 बजे बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करने के वास्ते दोबारा घर लौटकर आती थी। बच्चों को स्कूल भेजने के बाद वो फिर से काम पर निकल जाती थी। शुक्रवार को जब वो घर में आई तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए।
- अंदर गैस की बदबू आ रही थी, और दोनों बच्चे बेहोश पड़े हुए थे। इसके बाद वो जोर-जोर से रोने लगी। उसकी आवाज सुनकर वहां अड़ोस-पड़ोस में रहने वाले लोग आ पहुंचे। जिन्होंने तुरंत एंबुलेंस को कॉल करके बुला लिया।
- मेडिकल स्टाफ के आने तक बड़े बेटे की जान जा चुकी थी, वहीं छोटे बेटे सहिर की सांसें चल रही थीं, जिसके बाद उसे पास के हॉस्पिटल ले जाया गया। महिला का बड़ा बेटा समीर पांचवीं क्लास में पढ़ता था, वहीं छोटा बेटा सहिर पहली क्लास में पढ़ता है। बता दें कि महिला साल 2016 में शहर में आई थी।
- पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला गैस सिलेंडर का नॉब (स्विच) बंद करके घर से बाहर गई थी। लेकिन इसके बाद भी किसी वजह से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिसके चलते वहां से करीब 10 फीट दूर सो रहे दोनों बच्चे इसकी चपेट में आ गए। पुलिस ने इस मामले में गैस सिलेंडर देने वाली निजी गैस एजेंसी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं