बालाकोट में हमले से पाक बौखलाया, भारतीय पायलटों पर केस दर्ज
इस्लामाबाद. जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों पर वायुसेना की एयरस्ट्राइक से तिलमिलाए पाकिस्तान ने नई नौटंकी शुरू कर दी है। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में भारतीय वायुसेना के अज्ञात पायलटों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। ये एफआईआर पाकिस्तान में एयरस्ट्राइक के दौरान पेड़ गिराने को लेकर की गई है।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक- वन विभाग ने शुक्रवार को एक एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि भारतीय वायुसेना के कुछ अज्ञात पायलटों ने पाकिस्तान के 19 पेड़ों को नुकसान पहुंचाया है। उसने इस मामले को इको टेरेरिज्म( पर्यावरण आतंकवाद) बताया।
मामले को संयुक्त राष्ट्र तक ले जाने की बात कह चुका है पाक
इससे पहले पाकिस्तान की ओर से बयान आया था कि वह पेड़ गिराने के मसले को लेकर संयुक्त राष्ट्र तक जाएगा और भारत के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज कराएगा। पाकिस्तान के वन मंत्री ने इसको लेकर सरकार का आधिकारिक बयान जारी किया था। पाकिस्तान ने अपने बयान में कहा था कि एयरस्ट्राइक में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है, सिर्फ पेड़ ही गिरे हैं और कुछ लोग घायल हुए हैं।
भारतीय वायुसेना ने तंज कसा
भारतीय वायुसेना ने शुक्रवार को पाकिस्तान में की गई एयर स्ट्राइक पर हिंदी कविता शेयर की। कविता में लिखा- आज किसी ने सरहदें पार की, क्योंकि किसी ने सारी हदें पार की, आज उसके पाले में जा के कहा हमने, हू तू तू।
26 फरवरी को की थी एयर स्ट्राइक, कई आतंकियों केमरने का दावा
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी को सीआरपीएफ जवानों के काफिले पर आतंकियों ने फिदायीन हमला किया था। इस हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। इसके जवाब में भारत ने 26 फरवरी को पाक पर मिराज- 2000 फाइटर जेट से एयर स्ट्राइक करते हुए बालाकोट स्थित जैश के ट्रेनिक कैंप तबाह कर दिए थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कोई टिप्पणी नहीं